समग्र समाचार सेवा
वाराणसी, 27नवंबर। भारत सरकार और राज्य सरकार के महिलाओं और बेटियों को सूरक्षा प्रदान करने के दावे अभी तक बस बातों में ही है। देश की कानून व्यवस्था अभी तक इतनी मजबूत नही कि किसी भी अपराधी को अपने कुर्कमों को अंजाम देने में कोई भय लगे। आए दिन देश की बेटियां मानसिक विकृति के लोंगो का शिकार होती है। महिलाओं और लड़कियों की बाते छोड़िए इस देश में छोटी छोटी बच्चियों को भी खुलेआम हवस का शिकार बना लिया जा रहा है।
ताजा मामला यूपी के वाराणसी जिले से है। वाराणसी के लहरतारा स्थित सनबीम स्कूल में शुक्रवार को एक ऐसी खबर सामने आई जिससे हर कोई हैरान और भयभीत है कि आखिर उनके बच्चियां कहां पर सुरक्षित है। कोई भी मां- बाप अपने बच्चें को स्कूल भी भेजने से घबरा जाए।
जानकारी के मुताबिक सनबीम स्कूल में कक्षा 3 की छात्रा के साथ वहीं के स्वीपर ने रेप किया। हालांकि बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने की पुलिस ने आरोपी स्वीपर को गिरफ्तार कर लिया है। स्कूल में काम करने वाले आरोपी स्वीपर की शिनाख्त कैंट थाना अंतर्गत मानस नगर पसियाना निवासी अजय कुमार उर्फ सिंकू के तौर पर हुई है। मासूम को मेडिकल मुआयने के लिए भेज कर सिगरा थाने की पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
छात्रा की मां ने बताया कि शुक्रवार को उनकी बेटी स्कूल से आई तो बेहद ही सहमी हुई थी और उसके कपड़े पर खून लगा हुआ दिखा। उन्होंने अपनी बेटी से पूछा तो वह रोने लगी। इसके बाद उसने रोते हुए अपनी मां को बताया कि वह स्कूल में वॉशरूम गई थी। वहीं स्कूल का एक स्वीपर मौजूद था जिसने उसके साथ गलत किया।
अपनी बच्ची के मुंह से यह सुन कर उसकी मां ने अपने पति को घटना की जानकारी दी। इस पर मासूम के पिता ने 112 नंबर पर फोन किया तो पुलिस स्कूल पहुंची। स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर पुलिस ने आरोपी स्वीपर को चिह्नित किया और उसे उसके घर से पकड़ कर सिगरा थाने ले गई।
बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।