समग्र समाचार सेवा
श्रीनगर, 3 दिसंबर। कोरोना वायरस के चलते माता पिता की मौत हुई. बच्चे अनाथ हो गए. अब यही अनाथ हुए बच्चे अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं. इस मामले का खुलासा हो गया. खुलासे के बाद पुलिस ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में कार्रवाई भी की है. पुलिस ने दो एनजीओ संचालकों को अरेस्ट कर लिया है. साथ ही एनजीओ को सील भी कर दिया गया है. पुलिस ने ये कार्रवाई एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद की है।
जम्मू पुलिस (Jammu Police) ने बताया कि कोविड-19 के कारण अनाथ हुए बच्चों की ‘बिक्री’ और अवैध तरीके से गोद देने के आरोपों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. अधिकारी ने बताया कि पुलवामा के पंपोर में स्थित गैर सरकारी संगठन ‘ग्लोबल वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट’ और दो आरोपियों – श्रीनगर के मोहम्मद अमीन राथर और पंपोर के एजाज अहमद डार- के खिलाफ एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद कार्रवाई की गई।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद, पुलवामा में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई. उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।