समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 5 दिसंबर। उत्तराखंड के टिहरी और उत्तरकाशी जनपदों में दो बार भूकम्प के झटके महसूस हुए लेकिन राहत की बात यह है कि किसी भी जान माल को नुकसान होने की कोई खबर नही है। सभी बांध और विद्युत परियोजना भी सुरक्षित है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के टिहरी और उत्तरकाशी जनपद में रात्रि 12 बजकर, 23 मिनट, 19 सेकेंड पर पहली बार भूकम्प के झटके महसूस किये गए। रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.2 रिकॉर्ड की गई। जो 30.65 उत्तरी अक्षांश और 78.78 पूर्वी देशांतर पर 10 किलोमीटर गहराई पर अवस्थित रहा।
इसके बाद रात्रि 02 बजकर 02 मिनट 47 सेकेंड पर पुनः इसी क्षेत्र में 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। यह भूकम्प टिहरी जनपद की तहसील घनसाली के नेरवी, गंगी गांव और धुंत्री क मध्य महसूस किया गया। जबकि उत्तरकाशी के भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट, पुरोला, मोरी तहसील क्षेत्र के कुछ भागों में महसूज़ किया गया है। अभी तक कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।