समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली/मनामा, 2 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बहरीन के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा से बात की। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा और राजनीतिक, व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों में लगातार हुई प्रगति पर संतोष जताया। इसके अलावा, पीएम मोदी ने बहरीन में बनने वाले स्वामीनारायण मंदिर के लिए भूमि आवंटन पर क्राउन प्रिंस को धन्यवाद दिया। बता दें कि यूएई के बाद अब बहरीन में भी भव्य मंदिर बनने वाला है।
मना रहे हैं संबंधों की स्वर्ण जयंती
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं की फोन पर हुई इस बातचीत में भारत और बहरीन के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की गई और इस बात पर संतोष जताया गया कि राजनीतिक, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और लोगों के बीच आपसी संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों में लगातार प्रगति देखी गई है। भारत और बहरीन राजनयिक संबंधों की स्थापना की वर्ष 2021-22 में स्वर्ण जयंती मना रहे हैं।
बहरीन के सुल्तान को भारत का निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी के दौरान बहरीन में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों का बहुत अच्छे से खयाल रखने के साथ ही उनकी सामाजिक और सांस्कृतिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बहरीन के नेतृत्व के प्रति आभार जताया। इस दौरान पीएम मोदी ने बहरीन के सुल्तान हमद बिन ईसा अल खलीफा को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।