समग्र समाचार सेवा
टोरंटो, 14 मार्च। कनाडा में टोरंटो शहर के पास शनिवार को ऑटो दुर्घटना में 5 भारतीय छात्रों की मौत हो गई। दो अन्य घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। टोरंटो में भारत के महावाणिज्य दूतावास की टीम सहायता के लिए पीड़ितों के दोस्तों के संपर्क में बनी हुई है। कनाडा में भारत के हाई कमिश्नर अजय बिसारिया ने इसकी जानकारी दी है।
पांचों मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान हरप्रीत सिंह, जसपिंदर सिंह, करनपाल सिंह, मोहित चौहान और पवन कुमार के रूप में हुई है। इनकी उम्र 21 से 24 साल के बीच थी। पुलिस का कहना है कि ये सभी ग्रेटर टोरंटो और मॉन्ट्रियल इलाकों के छात्र थे। वे हाइवे पर एक यात्री वैन में पश्चिम की यात्रा कर रहे थे। शनिवार की सुबह करीब 3:45 बजे ट्रैक्टर-ट्रेलर आपस में टकरा गए।
दो घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दो अन्य यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने उनकी स्थिति को लेकर अपडेट नहीं दिया है। दुर्घटना की जांच जारी है। इस मामले में अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
जयशंकर ने निधन पर शोक व्यक्त किया
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कनाडा में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच भारतीय छात्रों के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया। कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया के अनुसार, दुर्घटना शनिवार को टोरंटो के पास हुई और दो घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘कनाडा में पांच भारतीयों के निधन से बेहद दुखी हूं। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी।