समग्र समाचार सेवा
चंडीगढ़, 19मार्च। पंजाब में सीएम भगवंत मान की कैबिनेट के मंत्री आज चंडीगढ़ में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अपने पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। आम आदमी पार्टी की पंजाब में अप्रत्याशित जीत के बाद भगवंत मान ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है और आज मान की कैबिनेट के 10 मंत्री पद एवं गोपनियता की शपथ लेंगे। आज सुबह 11 बजे चंडीगढ़ में पंजाब कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। जो मंत्री आज शपथ लेंगे, उनकी सूची भी जारी कर दी गई है. मंत्रियों की सूची में कई चौंकाने वाले नाम हैं तो वहीं कई नए चेहरे भी मान की कैबिनेट में शामिल किए गए हैं।
पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को 10 कैबिनेट मंत्रियों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है. इन नामों में खास बात ये है कि राज्य में शानदार जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी ने बड़े-बड़े विजेताओं को छोड़कर नए विधायकों को मौका देने पर ज्यादा ध्यान दिया है और इतना ही नहीं पहली सूची में मंत्री चुनने में पार्टी ने दूसरी बार के विधायकों को भी नजरअंदाज किया है। ये सभी विधायक आज चंडीगढ़ में मंत्री पद की शपथ लेंगे।