समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 30 अप्रैल। भारत में कोरोना के दैनिक मामलों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में 3,688 नए पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से अकेले दिल्ली में 1,607 नए मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में कल दो लोगों की मौत भी इस महामारी के कारण हो गई। आपको यह भी बता दें कि देश में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं। देश में अब तक कुल 188.89 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है।
भारत में एक्टिव मामले वर्तमान में 18,684 है
आपको बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, भारत में एक्टिव मामले वर्तमान में 0.04 प्रतिशत पर 18,684 है। साथ ही रिकवरी रेट वर्तमान में 98.74 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल 2,755 ठीक हुए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 4,25,33,377 लोगों ने इस महामारी को मात दे दी है। भारत में दैनिक पॉजिटिवीटी रेट 0.74 प्रतिशत है जबकि साप्ताहिक दर 0.66 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 4,96,640 सैंपल की जांच की गई है।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 148 नये मामले, दो मरीजों की मौत
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 148 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 78,77,577 हो गयी, जबकि दो मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,47,842 हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी। इससे पहले बृहस्पतिवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 165 नये मामले सामने आए थे और दो मरीजों की मौत हुई थी। महाराष्ट्र में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 979 हो गयी है।