पटियाला हिंसा का मास्टरमाइंड बरजिंदर सिंह परवाना गिरफ्तार, सीआईए ने मोहाली से पकड़ा

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

चंडीगढ़, 1 मई। पंजाब के पटियाला में हुई हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। खबर है कि आरोपी विस्तारा फ्लाइट के जरिए मुंबई से सुबह 7.20 बजे मोहाली पहुंचा था। यहां सीआईए की टीम ने एयरपोर्ट से उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पटियाला में खालिस्तान विरोधी रैली के दौरान दो समूहों के बीच झड़प हो गई थी। उस दौरान करीब 4 लोग घायल हो गए थे।

परवाना सिख समूह दमदमी टकसाल राजपुरा का प्रमुख

खबर है कि परवाना सिख समूह दमदमी टकसाल राजपुरा का प्रमुख है। इससे पहले भी उसपर सोशल मीडिया के जरिए उग्रवाद भड़काने के आरोप लग चुके हैं। साथ ही वह यूएपीए और सन 1984 के दंगों को लेकर भी अपने बयानों के चलते चर्चा में रहा था।

इंटरनेट सेवाएं फिर शुरू

पटियाला हिंसा मामले में अब तक 6 FIR दर्ज हो चुकी हैं। वहीं, 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को आईजी एमएस चीना ने यह जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था, ‘कल पटियाला में कानून-व्यवस्था का मुद्दा खड़ा हो गया था। जिसके संबंध में पुलिस ने 6 एफआईआर दर्ज की हैं और हरीष सिंगला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।’ उन्होंने संभावना जताई थी कि मास्टरमाइंड परवाना को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंसा के बाद लगाया गया कर्फ्यू हटा लिया गया

उन्होंने बताया कि हरीष सिंगला, कुलदीप सिंह औऱ दलजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पटियाला उपायुक्त साक्षी साहनी ने कहा कि हिंसा के बाद लगाया गया कर्फ्यू हटा लिया गया है और अस्थाई रूप से बंद इंटरनेट सेवाओं को 4 बजे से दोबारा शुरू कर दिया गया है। पटियाला एसएसपी दीपक पारेख ने बताया था कि शांति समिति की बैठक हुई लोग शांति चाहते हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.