प्रदेश में अब बस भाजपा और सपा के बीच लड़ाईः मुलायम सिंह

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

लखनऊ, 7 अप्रैल। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के वोट बैंक में बिखराव की खबरों के बीच एक बड़ी हलचल शुरू हो गई है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव एक बार फिर सक्रिय होते दिख रहे हैं। वर्ष 2012 से 2017 के बीच अखिलेश यादव  के नेतृत्व को लेकर उठने वाले तमाम सवालों को मुलायम ने अपने राजनीतिक कौशल के जरिए समाप्त किया था। यूपी चुनाव 2022 के परिणाम के बाद बनी स्थिति के बीच प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच लड़ाई की बात कर मुलायम सिंह यादव ने एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।

हमारे ऊपर जनता के विश्वास को बनाए रखने की जिम्मेदारी

सपा संरक्षक और पिता मुलायम सिंह यादव का साथ मिल गया है। मुलायम ने अखिलेश के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए साफ संदेश दिया है कि यह सपा मुखिया का ही विजन है कि यूपी में लड़ाई सपा बनाम भाजपा हो गई है। मुलायम ने आगे कहा कि हमारे ऊपर जनता के विश्वास को बनाए रखने की जिम्मेदारी है।

कार्यकर्ताओं से मुलायम ने किया सीधा संवाद

मुलायम शुक्रवार को सपा कार्यालय पहुंचे और वहां सपा मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। मुलायम ने कहा कि हम लोग गरीबों, किसानों, भूमिहीनों की बात करते हैं। सभी जातियों के साथ हमारा एक जैसा सम्मानजनक व्यवहार रहता है। सपा संरक्षक ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि सपा की चर्चा पूरी दुनिया में है। इसके बाद भी सपा के बारे में कुछ टिप्पणियां की जा रही हैं। ऐसे में आपकी जिम्मेदारी बहुत बढ़ गई है। लोगों ने विश्वास किया है तो इस विश्वास पर हम अडिग होकर काम करेंगे।

मुलायम के बयान के हैं बड़े मायने

मुलायम सिंह यादव उस समय सक्रिय हुए हैं, जब अखिलेश यादव के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन पर साथियों और परिवार को जोड़कर रखने में नाकाम रहने का आरोप लग रहा है। चुनाव में हार के बाद से अब तक पार्टी की ओर से समीक्षा नहीं हो पाई है। शिवपाल यादव एक बार फिर बागी तेवर अपनाए हुए हैं। वहीं, आजम खान और कई मुस्लिम नेता पार्टी के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं। ऐसे में मुलायम सिंह यादव ने बयान देकर लोगों को संदेश देने की कोशिश की है कि यह वक्त इस पार या उस पार रहने का है। अगर किसी और ठिकाने की तरफ गए तो वह पतन का कारण बनेगा।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.