समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 9 मई। उत्तराखंड के देहरादून में शहर में एक लड़की के साथ दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर शादी के लिए धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ डालनवाला कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि इससे पहले भी देहरादून में धर्मांतरण का मामला सामने आया है।
लड़की ने मामले की शिकायत दर्ज कराई
डालनवाला कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर एनके भट्ट के मुताबिक, लड़की ने शनिवार को इस मामले की शिकायत की थी। उसने बताया कि वह आरोपी अरमान उर्फ आर्य को लंबे समय से जानती है। दोनों एक ही इलाके में रहते हैं। शुरू में वे फोन पर बात करते थे। एक दिन आरोपी ने उसे सर्वे चौक स्थित होटल में बात करने के बहाने बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों ने एक वीडियो भी बनाया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने बच्ची के साथ कई बार रेप किया। साथ ही शादी करने के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।
होटल में ले जाकर किया बलात्कार
इस मामले पर लड़की का आरोप है कि 21 अप्रैल को लड़की पढ़ाई के लिए संस्थान जा रही थी। रास्ते में आरोपी उससे मिला और होटल जाने का दबाव बनाने लगा। लड़की ने मना किया तो हाथ काटकर हत्या के मामले में फंसाने की धमकी दी। इस पर लड़की आरोपी को लेकर होटल गई, जहां आरोपी ने फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद लड़की घर आ गई। आरोपी ने फोन पर धर्म परिवर्तन कराकर शादी करने को कहा। ऐसा नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।