झारखंड: एकतरफा प्यार में असफल युवक ने छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई, तनाव के बीच सुरक्षा बल तैनात
समग्र समाचार सेवा
दुमका, 23अगस्त। झारखंड के दुमका में अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक ने एकतरफा प्यार में असफल होने पर 12वीं की एक छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. घटना में झुलसी युवती की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. घटना को लेकर क्षेत्र में भारी तनाव के मद्देनजर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है.
पुलिस ने बताया कि घटना दुमका नगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत जेरुवाडीह मोहल्ले की है. आरोपी पेशे से टाइल्स कारीगर है और वह पड़ोस में रहने वाले कारोबारी संजीव सिंह की 19 वर्षीया बेटी अंकिता से एकतरफा प्रेम करता था. लेकिन छात्रा अंकिता ने जब उसका प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया तो वह नाराज हो गया और इसके बाद उसने मौका लगाकर छात्र पर सोते समय मंगलवार सुबह खिड़की से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी.
नगर थाना प्रभारी नितीश कुमार ने बताया कि अंकिता को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार आग में पीड़िता 90 प्रतिशत तक झुलस गई है. कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रदीप सिंह ने घटना के संबंध में पीड़िता का बयान दर्ज किया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. घटना को लेकर क्षेत्र में भारी तनाव के मद्देनजर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है.