समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और आगरा सहित शहरों ने 10 अक्टूबर को मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के कारण बारहवीं कक्षा तक के सभी बच्चों के लिए स्कूल बंद कर दिए गए है.राज्य में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को 12 वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल को बंद करने का फैसला किया है. रविवार की देर शाम जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई.
रविवार को जारी एक बयान में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के हवाले से कहा गया कि लखनऊ के समस्त क्षेत्र में नौ अक्टूबर (रविवार) सायंकाल से हो रही भारी बारिश तथा मौसम विभाग द्वारा 10 अक्टूबर (सोमवार) के लिए जारी चेतावनी के दृष्टिगत सभी बोर्ड के कक्षा 12 तक के शहरी एवं एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त सरकारी और निजी विद्यालयों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है.
उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली और भारी बारिश से 8 की मौत
उत्तर प्रदेश में आकाशीय बिजली और भारी बारिश से हुए हादसों में हरदोई, सीतापुर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, इटावा और पीलीभीत में महिला और बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
हरदोई में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसा
हरदोई से मिली खबर के अनुसार सवायजपुर तहसील क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गया. अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी ने बताया कि आज ही दोनों परिवारों को शासन द्वारा अनुमन्य सहायता राशि दे दी जाएगी. तहसील सवायजपुर क्षेत्र के लोनार थाने के ग्राम सराय राघव मजरा संग्रावा में खेत की रखवाली कर रहे राजेन्द्र सिंह चौहान (30) की बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक राजेन्द्र सिंह अपने ससुराल में रहकर खेती बाड़ी करते थे.
पीलीभीत से मिली खबर के मुताबिक तराई में हुई मूसलाधार बारिश जानलेवा साबित हुई. दो अलग-अलग घटनाओं में दीवार गिरने से दो बच्चों मौत हो गई. पीलीभीत जिले के जहानाबाद कोतवाली प्रभारी प्रभाष चंद्र के अनुसार क्षेत्र के गांव दलेलगंज के रहने वाले योगेंद्र सिंह के घर की दीवार तीन दिन से हो रही बारिश की वजह से गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी आठ साल की बेटी नीतिल की मौत हो गई. पूरनपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार क्षेत्र के गांव सिमरा तालुके घुघचिहाई में दीवार गिरने से एक ही परिवार के सभी सदस्य उसके नीचे दबकर घायल हो गए,जिसमें एक छह माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई है. मृतक बच्चे का पिता और उसका चाचा व दादी के साथ-साथ मां भी घायल हो गई. पुलिस के अनुसार सभी घायलों को पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.