समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 14दिसंबर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में हिलाकर रख देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक स्कूली छात्रा पर बाइक सवार ने तेजाब फेंक दिया. तेजाब गिरते ही 12वीं की छात्रा चिल्लाते हुए यहां वहां भागने लगी. घटना आज बुधवार सुबह की है. पुलिस ने बताया कि बाइक सवार दो लोग 17 वर्षीय छात्रा के करीब पहुंचे और तेजाब फेंक दिया.
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है. इसमें देखा जा सकता है कि छात्रा सड़क के किनारे आराम से जा रही है कि एक बाइक उसकी करीब में आकर रुकी. छात्रा कुछ समझ पाती है कि तभी पीछे की सीट पर बैठे एक शख्स ने उसके ऊपर तेजाब उड़ेल दिया. तेजाब गिरते ही छात्रा के शरीर से धुंआ निकलने लगा. वो चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगी.
देश की राजधानी में दिन दहाड़े एक स्कूली बच्ची पर 2 बदमाश दबंगई से तेज़ाब फेंककर निकल जाते हैं… क्या किसी को भी अब क़ानून का डर है ? क्यों तेज़ाब पर बैन नहीं लगाया जाता ? SHAME pic.twitter.com/kaWWQYey7A
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) December 14, 2022
घटना का सीसीटीवी फुटेज दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी शेयर किया है. उन्होंने लिखा कि देश की राजधानी में दिन दहाड़े एक स्कूली बच्ची पर 2 बदमाश दबंगई से तेजाब फेंककर निकल जाते हैं. क्या किसी को भी अब कानून का डर है? क्यों तेजाब पर बैन नहीं लगाया जाता ? शर्म आनी चाहिए.
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि द्वारका मोड़ के पास एक स्कूली छात्रा पर तेजाब फेंका. हमारी टीम पीड़िता की मदद के लिए अस्पताल पहुंच रही है. बेटी को इंसाफ दिलाएंगे. दिल्ली महिला आयोग सालों से देश में तेजाब बैन करने की लड़ाई लड़ रहा है. कब जगेंगी सरकारें?
वहीं पुलिस ने बताया कि मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस के अनुसार घटना के बारे में सुबह करीब नौ बजे जानकारी मिली. मोहन गार्डन इलाके में लड़की पर यह हमला हुआ. पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने कहा, ‘बताया गया है कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने 17 वर्षीय लड़की पर कथित रूप से तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया.’
अधिकारी ने कहा कि घटना के समय लड़की अपनी छोटी बहन के साथ थी. सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है. डीसीपी ने कहा कि लड़की ने दो लोगों को नामजद किया है, जो हमले के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं. उनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.