भारत जोड़ो यात्रा के बीच पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल ने कांग्रेस छोड़ा, भाजपा में शामिल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
चंडीगढ़, 19जनवरी। पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बीच सूबे के पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनप्रीत बादल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने राहुल गांधी के नाम दो पन्नों का इस्तीफा भेजकर पार्टी में अनदेखी और गुटबाजी के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा। मनप्रीत ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में भगवा दामन थामा। लंबे समय से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग के साथ तनातनी के चलते वह पार्टी में हाशिए पर चल रहे थे। मनप्रीत बादल राहुल गांधी की पंजाब में यात्रा के दौरान भी नजर नहीं आए।

पांच बार विधायक रहे मनप्रीत बादल ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके करीब नौ साल के शासन में भारत कूटनीतिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनकर उभरा है। पंजाब की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य फिसल रहा है और भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो आने वाली चुनौतियों का मुकाबला कर सकती है। कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले पर उन्होंने कहा कि कोई ऐसी पार्टी में कैसे काम कर सकता है जो खुद संघर्ष कर रही हो। सिर्फ पंजाब में ही नहीं बल्कि कई राज्यों में पार्टी गुटों में बंटी हुई है।

राहुल गांधी को लिखे अपने त्यागपत्र में मनप्रीत बादल ने दावा किया कि सूबे के खजाने के लिए धन जुटाने के उनके प्रयासों के लिए सराहना की बात तो दूर, उन्हें पंजाब कांग्रेस में शर्मिंदा किया गया था। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मनप्रीत बादल की तारीफ की। गोयल ने कहा कि मनप्रीत बादल विद्वान, सरल और अनुभवी हैं और पंजाब के वित्त मंत्री रहते उन्होंने जीएसटी परिषद की बैठक के दौरान राष्ट्रीय हित से जुड़े सुझाव दिए। उनके भाजपा में शामिल होने से सिखों के साथ पार्टी का रिश्ता और मजबूत होगा।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.