समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13अप्रैल।केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रेस के साथ बातचीत में कहा, “भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए दल जब एक साथ आते हैं तो महाठगबंधन बनता है। लोग जानते हैं कि ना इनके पास कोई नीति है ना नियत है ना नेतृत्व है। इससे उनका भ्रष्टाचार नहीं छुपता।”
केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा, “भारत प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नित नई ऊँचाइयों को छू रहा है। आज जब देश दुनिया में चारों तरफ़ मोदी जी की नीतियों और विकासवादी नीयत का डंका बज रहा है तो ऐसे में विपक्ष के गठबंधन के नाम पर अपने राजनैतिक अस्तित्व को बचाये रखने के लिए एक मंच पर इक्कठा हो रहे हैं। असल में ये गठबंधन नहीं भ्रष्टाचारी दलों का ठगबंधन है। जब नियत में खोट हो तो जनता कभी वोट नहीं देती और यही इन दलों के साथ हो रहा है। जनता इन्हें बार-बार नकार रही है। 2014 और 2019 में इन्होंने यहीं ठगबंधन बनाया था मगर नतीजा वही ढाक के तीन पात। जनता ने भ्रष्टाचारी दलों को नकार कर मोदी जी के नेतृत्व में दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का काम किया। ये लोग कितने ही गठबंधन बना लें आगामी सभी चुनावों में जनता ने फिर कमल खिलाने का मन बना लिया है”
आगे उन्होंने कहा, ” इस गठबंधन का मुक़ाबला नरेंद्र मोदी जी से है जो 22 वर्षों तक पहले CM और अब PM के रूप में पूरी ईमानदारी और पाक साफ छवि के साथ बिन कोई छुट्टी लिए देश के लिए सेवारत हैं। 2014 में जो भारत फ्रेजाइल फाइव एकॉनॉमीज़ में था आज वो टॉप 5 में है। आज हम स्टील व दूध उत्पादन में नंबर 1 हैं। मोबाइल उत्पादन में नंबर 2 हैं। विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था में भारत आगे है। स्टार्टअप्स इकोसिस्टम में भारत नंबर 3 पर है। कहीं कोई मुकाबला नहीं है। हम जनता का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया जिससे कोविड प्रबंधन का काम हो पाया, अच्छे कार्य हो पाए।”
राहुल गांधी व भारत जोड़ो यात्रा पर केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा का हीं परिणाम है कि वे गुजरात हारे, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड भी हारे। इससे पहले भी ये लोग उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा हार चुके हैं। आगे कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ भी हारेंगे। मध्यप्रदेश हम जीते हैं और आगे भी जीतेंगे।