देश के कई राज्यों में गर्मी का सितम, ओडिशा में पारा पहुंचा 44 डिग्री के पार; जानें अपने शहर का ताजा हाल
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 15 अप्रैल। देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है. मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, यूपी, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है. वहीं, दिल्ली, नोएडा समेत एनसीआर में पारा 39 डिग्री पार कर गया है. मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. एक दर्जन से ज्यादा जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है.
मध्य प्रदेश के खजुराहो में सबसे ज्यादा तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया. नर्मदापुरम-रायसेन में रात का तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. राजगढ़, सतना,सीधी, उमरिया, ग्वालियर, रतलाम, खंडवा खरगोन, शिवपुरी का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आज तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. अप्रैल लास्ट और मई में भीषण गर्मी की संभावना है.छत्तीसगढ़ में भी भीषण गर्मी पड़ रही है. प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर को लोगों को जबरदस्त गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिल्ली में दिन में आसमान साफ रहेगा.
यूपी-बिहार में पारा 40 डिग्री के पार
वहीं, बिहार में कुछ स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है. मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में बिहार में भीषण गर्मी पड़ेगी.मौसम विभाग के अनुसार पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि गया, रोहतास, जमुई, औरंगाबाद और खगड़िया में अधिकतम तापमान क्रमश: 41.3 , 41.2, 40.8, 40.7 और 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा . बढती गर्मी के मद्देनजर पटना जिला प्रशासन ने शुक्रवार को यहां सभी स्कूल संचालकों को स्कूल के समय में संशोधन करने और छात्रों को लू से बचाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है.
राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी
राजस्थान के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. श्रीगंगानगर 42.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. जयपुर मौसम केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किए जा रहे हैं. पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 41.0 डिग्री सेल्सियस (औसत से दो डिग्री ज्यादा) दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि अगले तीन चार दिनों तक ज्यादातर स्थानों पर मौसम मुख्यतः शुष्क बने रहने तथा तापमान में और 1-2 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ 18 अप्रैल को फिर से सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में 18-19 अप्रैल के दौरान गरज चमक के साथ कहीं-कहीं आंधी-तेज हवाएं व हल्की बारिश होने की संभावना है.
ओडिशा के बारीपदा में तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा
ओडिशा में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और कम से कम 25 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया. राज्य में आज भी मौसम कल की तरह ही रहेगा. बारीपदा में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सबसे गर्म स्थान रहा. राज्य के नौ स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, वहीं चार स्थानों पर तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ग्यारह अन्य स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. झारसुगुडा (42.8), तलचर (42.6), बौध और टिटलागढ़ (42.5), संबलपुर और बोलनगीर (42.2), अंगुल और सोनपुर (42.1) जबकि सुंदरगढ़ में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि रविवार को राज्य को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पारा 43 डिग्री के पार
महाराष्ट्र में भी भीषण गर्मी पड़ रही है. शुक्रवार को महाराष्ट्र के कम से कम 10 जिलों में अप्रैल के मध्य में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जिसमें चंद्रपुर सबसे गर्म 43.2 डिग्री और दक्षिण मुंबई 31.6 पर सबसे ठंडा रहा. राज्य के कई हिस्सों में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक आवश्यक न हो, दोपहर 1-5 बजे के बीच बाहर न निकलें.