समग्र समाचार सेवा
जयपुर, 23नवंबर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है. आज शाम 6 बजे से प्रचार अभियान थम जाएगा. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के राजसमंद जिले के देवगढ़ में जनसभा करने पहुंचे हैं. जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा.
मोदी ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि मोदी को गाली देकर उनकी गाड़ी चल जाएगी. लेकिन उन्हें पता नहीं है कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसे कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने से बनाया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस आपको कैसे लूट रही है इसका एक उदाहरण पेट्रोल की कीमते हैं. हर एक लीटर पेट्रोल पर कांग्रेस सरकार भाजपा सरकार की तुलना में आपसे 12-13 रुपए अधिक लूटती है. गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में पेट्रोल 12-13 रुपए सस्ता है. राजस्थान में एक लीटर पेट्रोल पर 12-13 रुपए ये मारते थे. ऐसा करके कांग्रेस ने हजारों करोड़ आपसे लूट लिए हैं. भाजपा सरकार आएगी तो महंगे पेट्रोल डीजल की समीक्षा करेगी और जनता के हित में उचित फैसला लेगी. केंद्र सरकार ने उज्जवला सिलेंडर सस्ता कर दिया और अब राजस्थान भाजपा ने संकल्प लिया है कि वे आपको 450 रुपए में गैस सिलेंडर देगी.”
इसी के साथ पीएम मोदी ने कांग्रेस पर गुर्जर समाज के अपमान का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गुर्जर समाज के बेटे को राजनीति में जगह बनाने के लिए संघर्ष करने के बाद सत्ता मिलने पर दूध में मक्खी की तरह निकाल दिया है.