नई स्टारकास्ट के साथ बड़े पर्दे पर रिलीज़ होगी No Entry, एक-दो नहीं बल्कि फिल्म में होंगी 10 एक्ट्रेसेस
समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 30मार्च। सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘नो एंट्री’ एक बार फिर बड़ी पर्दे पर वापसी करने जा रही है, लेकिन इस बार नई स्टारकास्ट के साथ. जी हां फिल्म निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर ने हाल ही में ऑफिशियल ऐलान किया कि वो वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अर्जुन कपूर के साथ ‘नो एंट्री 2’ ला रहे हैं. हालांकि अभी तक फिल्म के टाइटल को लेकर कोई फाइनल नेम नहीं बताया गया है. 2005 में आई फिल्म ‘नो एंट्री’ को अनीस बज्मी ने डायरेक्ट किया था, वही इसके पार्ट 2 का भी निर्देशन करेंगे. बोनी कपूर ने कहा कि नई फिल्म में पुरानी स्टारकास्ट (सलमान, अनिल और फरदीन) नहीं होंगे, साथ ही टीम अब इस प्रोजेक्ट के लिए 10 एक्ट्रेसेस को सेलेक्ट करने का प्रोसेस शुरू कर चुकी है.
1-2 नहीं बल्कि फिल्म में होंगी 10 एक्ट्रेसेस
बोनी कपूर ने अपने एक इंटरव्यू में कहा, ‘अब, हमारे पास फिल्म में दिलजीत, वरुण और अर्जुन हैं. वरुण और अर्जुन सबसे अच्छे दोस्त हैं और दिलजीत कॉमेडी में शानदार हैं. इसलिए, मुझे लगता है कि यह एक अच्छा और दिलचस्प कॉम्बिनेशन होगा. हालांकि, फिल्म में मेल एक्टर्स और बज्मी के बीच क्लियर सेलेक्शन है, लेकिन 10 एक्ट्रेसेस को अभी भी फिल्म में लिया जाना बाकी है.’ बता दें कि सलमान, अनिल और फरदीन स्टारर ‘नो एंट्री’ दो शादीशुदा मर्दों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी गर्लफ्रेंड्स की वजह से खुद को परेशानी में डाल लेते हैं, क्योंकि अपनी पत्नियों से सच छिपाने के लिए झूठ और भ्रम के जाल में फंस जाते हैं.
‘मिस्टर इंडिया 2’ भी होगी रिलीज
फिल्म में लारा दत्ता, ईशा देओल और सेलिना जेटली ने लीड रोल प्ले किए थे, जिसमें बिपाशा बसु एक कैमियो भूमिका में थीं. जनवरी में एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि वरुण, अर्जुन कपूर और दिलजीत दोसांझ सीक्वल में नजर आएंगे. ‘नो एंट्री 2’ की शूटिंग इस साल दिसंबर से शुरू हो सकती है. बोनी कपूर अभी अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘मैदान’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘नो एंट्री 2’ अगले साल 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है. बोनी कपूर ने 1987 की क्लासिक फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के सीक्वल के बारे में भी अपडेट दिया, जिसमें अनिल कपूर और श्रीदेवी थे. इसका निर्देशन शेखर कपूर ने किया था. बोनी ने कहा कि वो ‘मिस्टर इंडिया 2’ के लिए एक हॉलीवुड स्टूडियो से बातचीत कर रहे हैं.