समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 2अप्रैल। लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं. देश में इस बार 19 अप्रैल से 1 जून तक 7 चरणों में वोटिंग होनी है. चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे. इन सबके बीच प्रियंका गांधी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर आधिकारिक मुहर लग गई है.
बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी रायबरेली से कांग्रेस उम्मीदवार होंगी. पार्टी की तरफ से इसका आधिकारिक ऐलान 15 अप्रैल के बाद होगा. खबर है कि कांग्रेस की तरफ से आने वाली उम्मीदवारों की अगली सूची में प्रियंका गांधी का नाम होने की पूरी उम्मीद है.
यूपी की रायबरेली सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है. यह सीट पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने तीन बार जीती है. वर्तमान में सोनिया गांधी यहां से सांसद हैं. हालांकि वह राजस्थान से राज्यसभा चली गई हैं. सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के राज्यसभा जाने के बाद से ही यह कयास लगाए जाने लगे थे कि पार्टी इस सीट से प्रियंका गांधी को मैदान में उतार सकती है. हालांकि अब तक इसे लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
राहुल गांधी के भी एक बार फिर से अमेठी से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं. 2019 के पिछले चुनाव में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. राहुल ने 2019 में वायनाड से भी चुनाव लड़ा था और उन्हें वहां जीत मिली थी. कांग्रेस ने राहुल गांधी को एक बार फिर केरल की वायनाड सीट से मैदान में उतारा है. उम्मीद की जा रही है कि वह वायनाड के साथ-साथ अमेठी से भी चुनाव मैदान में उतरेंगे.