समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 4अप्रैल। मंडी से बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रही कंगना रनौत ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने एक मीडिया आउटलेट से बातचीत में कांग्रेस नेताओं को लेकर बयान दिया. कंगना ने कहा कि उनको राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अच्छे लगते हैं. दोनों परेशान लगते हैं. ऐसा लगता है कि दोनों अपनी जिंदगी से बहुत परेशान हैं.
कंगना रनौत ने कहा, ‘मुझे राहुल गांधी अपनी परिस्थितियों के पीड़ित लगते हैं. बच्चे खुद परिवारवाद के शिकार हो जाते हैं. मुझे लगता है, राहुल इसका शिकार हैं. वो कुछ और करते. उनकी माता दुनिया की सबसे अमीर महिला हैं. उनके पास धन की कमी नहीं है. सुनने में आता है वो किसी से प्यार करते थे. उनकी शादी भी नहीं हो पाई. हमने उड़ती उड़ती सुनी है. मुझे नहीं पता, उन्होंने शादी क्यों नहीं की. कोई उनका करियर क्यों नहीं बना पा रहा है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘वो सफल नहीं हो रहे हैं. मुझे वो बहुत अकेले लगते हैं. उन पर बहुत दबाव डाला जाता है. राहुल गांधी को कुछ और करना चाहिए. वो सफल हो सकते थे. ये बात उनकी माता नहीं समझती है.’
प्रियंका गांधी को लेकर कंगना ने कहा, ‘मुझे वो और राहुल दोनों अच्छे लगते हैं. मुझे लगता है कि उनकी मां को उन दोनों को इस तरह टॉर्चर नहीं करना चाहिए. उन्हें सुखी जिंदगी जीने देनी चाहिए थी. दोनों परेशान लगते हैं. ऐसे लगता है कि दोनों अपनी जिंदगी से काफी परेशान हैं. अभी भी वक्त है. उनकी मां उन्हें सही रास्ता दिखाए.’
इंदिरा गांधी को लेकर भी कंगना ने विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा, इंदिरा गांधी में कुछ अच्छे गुण थे. मैंने समानता के भाव से उन पर फिल्म बनाई. मैंने चुगलियों के लिए यह फिल्म नहीं बनाई है.