समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26अप्रैल। हरियाणा में लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने गुरूवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। अंबाला से वरूण चौधरी, सिरसा से कुमारी सैलजा, हिसार से जय प्रकाश को टिकट दिया गया है। करनाल से पूर्व सीएम के सामने दिव्यांशू बूद्धिराजा को मैदान में उतारा है। सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दिया गया है। रोहतक से फिर से दीपेंद्र हुड्डा को प्रत्याशी बनाया है। भिवानी महेंद्रगढ़ से भी राव दान सिंह को टिकट दिया गया है। फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे।
गुरुग्राम से अभी टिकट फाइनल नहीं हुआ है। हिसार से हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए बृजेंद्र सिंह को टिकट नहीं मिला है। हिसार से जय प्रकाश को टिकट दिया गया है।
करनाल से कांग्रेस ने युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, एनएसयूआई के नेता और पंजाब यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रधान दिव्यांशु बुद्धिराजा को टिकट दिया है। 31 वर्ष साल के दिव्यांशु बुद्धिराजा करनाल के रहने वाले हैं। टिकट का आधार दीपेंद्र हुड्डा, राहुल गांधी के नजदीकी होना माना जा रहा है। वह बीजेपी प्रत्याशी मनोहर लाल के खिलाफ खुलकर बोलते हैं। दिव्यांशु बुद्धिराजा युवा पंजाबी चेहरा है। उनके सामने भाजपा के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके मनोहर लाल बड़ी चुनौती होंगे।
कांग्रेस ने भिवानी महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह को टिकट दिया है। उनकी उम्र 64 साल है और एमए, एलएलबी, एमबीए, कानून और व्यक्तिगत प्रबंधन में डिप्लोमा किया हुआ है। राव दान सिंह प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व के करीबी हैं। उनके सामने भाजपा के धर्मवीर सिंह प्रत्याशी हैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी धर्मवीर लगातार दो चुनाव जीत चुके हैं। राव दान सिंह 2000, 2005, 2009, 2019 महेंद्रगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे हैं।
कांग्रेस ने अंबाला से वरूण चौधरी को टिकट दिया है। उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई की है। वह मुलाना एससी सीट से कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं। उनको टिकट मिलने की वजह युवा चेहरा, हरियाणा विधानसभा में प्रश्नों को मजबूती से रखने वाले, पिता पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर फूल चंद मुलाना का भी प्रभाव माना जा रहा है। उनके सामने अपनी विधानसभा से बाहर एक्टिव न रहना एक चुनौती हो सकती है। भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के साथ उनके पति दिवंगत रतन लाल कटारिया के प्रति लोगों की भावना भी हो सकती है।
रोहतक से फिर से प्रत्याशी दीपेंद्र हुड्डा
सोनीपत से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी