दो दिनों से लापता कांग्रेस नेता का खेत में मिला शव, पुलिस को मिली चिट्ठी …कई बड़े लोगों के नाम शामिल
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5मई। तमिलनाडु में 2 दिनों से लापता कांग्रेस नेता केपीके जयकुमार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शनिवार को कांग्रेस नेता का जला हुआ शव उनके ही मालिकाना खेत में पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौत की जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है. केपीके जयकुमार (KPK Jayakumar) का शव तिरुनेलवेली के एक खेत से बरामद किया गया, वो कांग्रेस की तिरुनेलवेली पूर्वी जिला इकाई के अध्यक्ष थे. पुलिस ने कहा कि जयकुमार गुरुवार को लापता हो गए थे और उनके बेटे ने अगले दिन शिकायत दर्ज कराई थी. मृत्यु से पहले दिया गया एक बयान भी बरामद किया गया है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या ये उन्होंने ने लिखा था.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि जयकुमार की हत्या की गई या आत्महत्या से उनकी मौत हुई. अगर इसकी पुष्टि हो जाती है कि जयकुमार ने मृत्यु पूर्व बयान लिखा था, तो यह एक बड़ा मामला बन सकता है क्योंकि दस्तावेज में कुछ हाई-प्रोफाइल नामों की लिस्ट है और उन पर उसे डराने-धमकाने और पैसे की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी कोणों से मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. रहस्यमय मौत को लेकर एआईएडीएमके ने राज्य में सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर हमला बोला है. यह कहते हुए कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की गंभीर गिरावट का संकेत देती है, अन्नाद्रमुक प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एडापड्डी के पलानीस्वामी ने जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. श्रीपेरंबुदूर के विधायक और तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख के सेल्वापेरुन्थागई ने जयकुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है.
विपक्ष ने इस मामले पर सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और राज्य पुलिस पर जमकर निशाना साधा. अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव और विपक्ष के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने केपीके जयकुमार के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट में आरोप लगाया कि एक राष्ट्रीय पार्टी के नेता के साथ हुई घटना तमिलनाडु में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को दर्शाता है. उन्होंने इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने दावा किया कि धनसिंह ने पहले जिला पुलिस को पत्र लिखकर अपनी जान को खतरा होने का दावा करते हुए कुछ लोगों का नाम भी लिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं की.