समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13मई। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और कप्तान रोहित शर्मा इन दिनों IPL में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. इस सीजन वह 13 पारियों में सिर्फ 349 रन ही बना पाए है, जिसमें सिर्फ एक शतक शामिल है. इसके अलावा रोहित कोई फिफ्टी तक नहीं जमा पाए हैं. भारत आईपीएल के बाद टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में ही कूच करेगा. लेकिन अब खबर सामने आई है कि रोहित ने इस टूर्नामेंट के बाद क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास लेने का मन बना लिया है.
37 साल के हो चुके रोहित शर्मा इस टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगे. दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक रोहित इस फॉर्मेट से टी20 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेने का मन बना चुके हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को इसके संकेत दे दिए हैं और बोर्ड भी इस फॉर्मेट में अब हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाना चाहता है.
बता दें इस सीजन आईपीएल की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियन्स (MI) ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को अपना कप्तान नियुक्त किया था. रोहित ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियन्स को 5 बार चैम्पियन बनाया है. वह बतौर खिलाड़ी 6 आईपीएल खिताब जीत चुके हैं. इसके अलावा मौजूदा दौर में वह तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान भी हैं लेकिन इसके बावजूद मुंबई इंडिन्स के मैनेजमेंट ने भविष्य की रणनितियों का हवाला देते हुए हार्दिक पांड्या को रोहित की जगह अपना कप्तान चुना.
हालांकि इस सीजन अगर रोहित आईपीएल में फ्लॉप रहे तो हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर पाए और मुंबई इंडियन्स के लिए इस लीग में यह सीजन बहुत ही बुरा रहा. यह टीम इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बनी, जबकि हार्दिक पांड्या इस बार न तो बल्ले से ही कोई कमाल दिखा पाए और न ही वह बतौर गेंदबाज कोई प्रभाव डाल पाए.
इस बीच भारतीय फैन्स की नजर आगामी टी20 वर्ल्ड कप पर हैं और फैन्स को यहां रोहित के बल्ले से वैसी ही आकर्षक और प्रभावशाली पारियां देखने की आस है, जो उन्होंने बीते साल वनडे वर्ल्ड कप में खेली थीं. भारत वनडे वर्ल्ड कप का खिताब तो नहीं जीत पाया था क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने उसे फाइनल में हरा दिया था लेकिन इस बार रोहित की कप्तानी में उसे दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने की उम्मीद है.