हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी: रामपुर उपमंडल में बादल फटने से मची तबाही

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

हिमाचल प्रदेश, 17अगस्त। हिमाचल प्रदेश में मानसून का रौद्र रूप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 17 दिनों की भारी तबाही के बाद, एक बार फिर से रामपुर उपमंडल में बादल फटने की घटना ने लोगों को डरा दिया है। शुक्रवार रात को रामपुर के तकलेच में बादल फटने से आए सैलाब ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

बादल फटने की घटना रामपुर के तकलेच पंचायत के अंतर्गत डमराली में हुई, जिससे नाले में अचानक बाढ़ आ गई और कई घर खतरे की जद में आ गए। लोग जान बचाने के लिए रात को अपने घरों और दुकानों को छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। सैलाब ने सड़क का एक बड़ा हिस्सा बहा दिया, जिससे इलाके में परिवहन पूरी तरह से ठप हो गया।

प्रशासन सतर्क, लेकिन जानमाल का नुकसान नहीं

शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी देर रात नोगली पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि फिलहाल जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है और जिला प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। भारी बारिश और बादल फटने से बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है, और डमराली स्थित मोबाइल टावर भी बंद हो गया है, जिससे छह पंचायतों का मोबाइल सिग्नल प्रभावित हो चुका है।

बचाव कार्य में रही हैं चुनौतियां      

रामपुर के एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि घटनास्थल पर बचाव टीम को पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं क्योंकि सड़क एक जगह से टूट गई है। हालांकि, स्थानीय पंचायत प्रधान से संपर्क किया गया है और उन्होंने जानी नुकसान की सूचना नहीं दी है।

ऊना में भी जनजीवन प्रभावित, कई सड़कें बंद

भारी बारिश के कारण ऊना में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऊना-संतोषगढ़ रोड पर स्थित रामपुर पुल का एक कोना टूट जाने से पुल सभी वाहनों के लिए बंद हो गया है और वैकल्पिक सड़क से यातायात चलाया जा रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, भूस्खलन के कारण राज्य भर में दो नेशनल हाईवे और 58 सड़कें बंद हैं। सिरमौर जिला में एनएच 707 और किन्नौर जिला के निगुलसारी में एनएच-5 अवरुद्ध हो गए हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में लाहौल स्पीति, चम्बा, हमीरपुर, ऊना, कुल्लू और कांगड़ा जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। वहीं चम्बा और कांगड़ा जिलों में शनिवार को फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार, आगामी 22 अगस्त तक राज्य के मैदानी और मध्यपर्वतीय इलाकों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट रहेगा।

शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक बिलासपुर जिला के नैना देवी में सबसे अधिक 108 मिमी वर्षा हुई है, जबकि हमीरपुर, पालमपुर, ऊना, गोहर और बागी में भी भारी वर्षा दर्ज की गई है।

 

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.