गृह मंत्री ने NCORD मैकेनिज़्म के तहत सभी 4 स्तरों पर नियमित बैठकें आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली ,25 अगस्त- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में Narcotics Control Bureau (NCB) के आंचलिक इकाई कार्यालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस अवसर पर, उन्होंने छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों के परिदृश्य पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय, छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, केन्द्रीय गृह सचिव, निदेशक, आसूचना ब्यूरो, महानिदेशक, NCB, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 2047 में नशामुक्त भारत के संकल्प को देशवासियों के संकल्प के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या केवल भारत की नहीं बल्कि वैश्विक है और इसके खिलाफ एक संपूर्ण रणनीति के साथ लड़ाई जरूरी है।

श्री शाह ने बताया कि ड्रग्स का अवैध व्यापार राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है और इससे आतंकवाद और वामपंथी उग्रवाद को बढ़ावा मिलता है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था कमजोर होती है। उन्होंने नारकोटिक्स के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया और कहा कि NCB का रायपुर कार्यालय पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि ड्रग्स ट्रैफिकिंग का ट्रेंड बदल रहा है और नैचुरल से सिथेटिक ड्रग्स की ओर बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में सेडेटिव और गांजे के उपयोग की दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। श्री शाह ने ड्रग्स की तस्करी के मामलों की जांच में वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए “Top to Bottom” और “Bottom to Top” अप्रोच अपनाने की सलाह दी।

गृह मंत्री ने NCORD मैकेनिज़्म के तहत सभी 4 स्तरों पर नियमित बैठकें आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि हाल ही में शुरू किए गए MANAS पोर्टल का सभी को उपयोग करना चाहिए। उन्होंने राज्यों से ड्रग्स के मामलों में वित्तीय जांच के लिए भारत सरकार की एजेंसियों की मदद लेने का आग्रह किया और अंतर्राज्यीय मामलों को NCB को सौंपने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

श्री शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NCB की पिछले 10 वर्षों की सफलता की सराहना की, जिसमें केस, गिरफ्तारियां, और ज़ब्त की गई ड्रग्स की संख्या में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। उन्होंने इस लड़ाई को एक ‘जन आंदोलन’ बनाने की अपील की और कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता पैदा करना इस लड़ाई की सफलता के लिए आवश्यक है।

 

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.