कोलकाता मेडिकल काॅलेज में ट्रेनी डाॅक्टर की रेप के बाद हत्या: सीबीआई जांच में नए खुलासे, ऑडियो क्लिप वायरल
समग्र समाचार सेवा
कोलकाता, 30th अगस्त। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल काॅलेज में 9 अगस्त को एक ट्रेनी डाॅक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। इस मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है और रोज नए खुलासे हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें दिवंगत डॉक्टर के माता-पिता और एक अस्पताल कर्मचारी के बीच की बातचीत सुनाई दे रही है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, वायरल ऑडियो क्लिप में वही बातें हैं जो डॉक्टर के माता-पिता ने घटना के बाद मीडिया से साझा की थीं। पहली सूचना डॉक्टर के माता-पिता को एक महिला से मिली थी, जिसने खुद को अस्पताल की सहायक अधीक्षक बताया था।
14 अगस्त को डॉ. अरुणव दत्ता चौधरी, जो उस समय चेस्ट विभाग के इंचार्ज थे, ने मीडिया को बताया कि यह कॉल सहायक अधीक्षक सुचरिता सरकार ने की थी। पहली कॉल में सुचरिता ने पीड़िता के पिता से कहा कि उनकी बेटी गंभीर बीमार है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी कॉल में कहा गया कि वह आपातकालीन विभाग में भर्ती है, लेकिन बीमारी के बारे में केवल डॉक्टर ही बता सकते हैं। तीसरी कॉल में महिला ने सूचित किया कि पीड़िता ने शायद आत्महत्या कर ली है और वह मर चुकी है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की मौत 9 अगस्त की सुबह 3 बजे से 5 बजे के बीच हुई थी। हालांकि, अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनी डॉक्टर का शव सुबह 9 बजे के आसपास इमरजेंसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर बने सेमिनार हॉल में पाया गया था।
जांच में रोज नए मोड़ आने के साथ, अब इस मामले पर सभी की निगाहें सीबीआई की जांच पर टिकी हैं।