राजस्थान उपचुनाव से पहले कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल, कार्यकर्ताओं को मिलेंगी नई जिम्मेदारियां

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
राजस्थान, 30th अगस्त। राजस्थान में छह विधानसभा सीटों के उपचुनाव से पहले कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इन चुनावों में जीत दर्ज करने के लिए संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। संगठन को धार देने के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों की बंपर नियुक्तियां करने जा रही है। यह नियुक्तियां संभाग, जिला और ब्लॉक स्तर पर होंगी, जिससे कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां मिलेंगी और उन्हें सक्रिय किया जाएगा।

राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर स्थित पार्टी वॉर रूम में बड़ी बैठक की, जिसमें संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में सभी संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक कांग्रेस प्रभारी शामिल हुए। बैठक में यह संकेत दिए गए कि जल्द ही नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

संगठन की मजबूती के लिए डोटासरा ने बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट दस दिनों के भीतर मांगी है। दावा किया जा रहा है कि नई नियुक्तियों में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इस कवायद से संगठन में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरा जाएगा।

साथ ही, कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें मंडल स्तर पर मासिक बैठकों, ब्लॉक स्तर पर हर दो महीने में और जिला स्तर पर हर तीन महीने में बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, AICC के निर्देशों को सख्ती से पालन करने पर भी जोर दिया गया है।

 

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.