जासूसी कनेक्शन की कड़ियाँ बंगाल तक: ज्योति मल्होत्रा के दौरे ने खड़े किए कई सवाल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा 

कोलकाता 21 मई –हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जिस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने का आरोप है, अब जाँच  एजेंसियों के रडार पर पश्चिम बंगाल के कारण भी है। पता चला है कि ज्योति ने पिछले कुछ महीनों में कई बार बंगाल का दौरा किया, जहां उसने न सिर्फ पर्यटन से जुड़े वीडियो शूट किए, बल्कि सेना की छावनियों और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में भी घूमती रही।

चिकन नेक और बैरकपुर का दौरा

जाँच  में सामने आया है कि ज्योति मल्होत्रा ने उत्तर बंगाल के “चिकन नेक” क्षेत्र, नदिया जिले की सीमा पर स्थित इलाकों, और बैरकपुर का भी दौरा किया था। बैरकपुर वह स्थान है जहाँ  भारतीय सेना का ट्रेनिंग सेंटर और छावनी स्थित है। यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि ज्योति ने इन स्थानों से संबंधित जानकारी वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इकट्ठा की।

सोशल मीडिया से जुटाए गए सुराग

खुफिया एजेंसियों ने ज्योति मल्होत्रा के यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहराई से जाँच  की है। साथ ही उसके साथ यात्रा करने वाले कुछ ट्रैवल ब्लॉगरों पर भी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इन अकाउंट्स से कई संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं, खासकर सेना से जुड़े स्थानों के वीडियो क्लिप्स और टिप्पणियाँ।

सौमित भट्टाचार्य की भूमिका

ज्योति के बंगाल दौरे में उसके साथ आसनसोल निवासी ट्रैवल ब्लॉगर सौमित भट्टाचार्य भी थे। उन्होंने मीडिया को बताया कि अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के दौरान उनकी मुलाकात ज्योति से हुई थी, और बाद में वे कुछ यात्राओं में साथ थे। सौमित इस समय अंडमान में हैं, लेकिन केंद्रीय एजेंसियों ने उनसे संपर्क किया है और जल्द ही उनसे पूछताछ की जाएगी।

कोलकाता पुलिस सतर्क

कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) रूपेश कुमार ने बयान दिया कि यदि केंद्रीय एजेंसियाँ उनसे किसी भी प्रकार की सहायता चाहेंगी, तो पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक ज्योति द्वारा कोलकाता से कोई गोपनीय जानकारी भेजने के पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन जांच जारी है।

डांस वीडियो से भी मिली जानकारी

गौर करने वाली बात है कि तीन महीने पहले ज्योति ने कोलकाता के लिलुआ क्षेत्र में एक ट्रैवल ब्लॉगर मोहित की शादी में डांस करते हुए वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो भी अब जाँच एजेंसियों के लिए एक सुराग बन गया है, क्योंकि इसमें उपस्थित लोगों की पहचान की जा रही है।

ज्योति मल्होत्रा का केस महज एक यूट्यूबर द्वारा जासूसी का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसके तार कई राज्यों और सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े प्रतीत हो रहे हैं। बंगाल में उसकी यात्राओं ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पर्यटन की आड़ में देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारियाँ दुश्मन देशों तक पहुँचाई  जा रही हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.