समग्र समाचार सेवा नई दिल्ली, 6 जून —राजधानी दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी गई। यह धमकी गुरुवार रात (5 जून) को एक कॉल के माध्यम से दी गई, जिससे उच्च स्तरीय सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा कॉल रात करीब 11:00 बजे गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) में आया। कॉलर ने सीधा दावा किया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की जान को खतरा है और उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
गाजियाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, जिस नंबर से यह कॉल किया गया था, वह फिलहाल बंद है। कॉल करने वाले की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस कॉल की लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और विभिन्न एंगल से जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री आवास और उनके कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और साइबर क्राइम यूनिट भी जाँच में शामिल हो गई है। कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल टॉवर डंप डाटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की सहायता से जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को इस बारे में जानकारी दे दी गई है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस मामले को लेकर अभी तक मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वह हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए पूरी सतर्कता बरत रही है। फिलहाल, मामले में और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।