स्पेसएक्स बेस पर भीषण विस्फोट :स्टारशिप परीक्षण के दौरान उड़े होश !
अगली लॉन्च अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
समग्र समाचार सेवा
टेक्सास, 19 जून- टेक्सास के मैसी स्थित एलन मस्क की स्पेसएक्स परीक्षण साइट पर गुरुवार को एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ, जिससे स्टारशिप प्रोग्राम की तैयारियों को बड़ा झटका लगा। यह धमाका उस समय हुआ जब “शिप 36” का क्रिटिकल स्टैटिक फायर टेस्ट शुरू होने वाला था। यह परीक्षण रॉकेट के इंजन को ज़मीन पर ही स्थिर स्थिति में जलाकर उसकी सभी प्रणालियों की अंतिम जांच के लिए किया जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षण से ठीक पहले एक अचानक आग का गोला उठा और विस्फोट से मलबा पूरे परिसर में फैल गया। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
स्पेसएक्स की ओर से जारी बयान में कहा गया, “साइट के चारों ओर सुरक्षा क्षेत्र पहले से निर्धारित था। सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। हमारी टीम स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर क्षेत्र को सुरक्षित बना रही है।”
इस विस्फोट के कारण स्टारशिप प्रोटोटाइप को गंभीर नुकसान पहुंचा है और लॉन्च की सभी तैयारियां अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई हैं।
स्पेसएक्स 29 जून को स्टारशिप की 10वीं टेस्ट उड़ान की योजना बना रहा था। यह रॉकेट अब तक का सबसे बड़ा और ताकतवर मानव निर्मित रॉकेट है, जिसे मस्क मंगल मिशन का आधार मानते हैं।
2025 में यह तीसरा बड़ा झटका है। इससे पहले दो टेस्ट उड़ानें फेल हो चुकी हैं—एक कैरिबियन सागर के ऊपर विस्फोट में तबाह हुई, दूसरी अटलांटिक महासागर के ऊपर नियंत्रण खो बैठी।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) हर बार जांच कर रही है और इसके चलते हवाई क्षेत्र बंद करना पड़ता है।
स्पेसएक्स का कहना है कि हर असफलता सीखने का मौका है, और वे परीक्षण जारी रखेंगे। कंपनी अब विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है और ज़रूरी तकनीकी सुधार करने के बाद अगली लॉन्च की नई तारीख तय की जाएगी।
हालांकि यह हादसा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की जोखिम भरी प्रकृति को उजागर करता है, लेकिन मस्क की टीम का मानना है कि स्टारशिप की सफलता अंततः अंतरिक्ष यात्रा को पूरी तरह बदल देगी।