LPG से लेकर आधार और GST तक: 1 नवंबर से बदल गए 7 अहम नियम, सीधा असर आपकी जेब पर
नवंबर की शुरुआत के साथ देशभर में कई वित्तीय नियम लागू हो गए हैं, LPG सिलेंडर की नई दरों से लेकर बैंक, पेंशन और कार्ड शुल्क तक में बदलाव।
-
कमर्शियल LPG सिलेंडर 5 रुपये सस्ता, घरेलू दाम जस के तस
-
आधार अपडेट पर बच्चों के लिए शुल्क माफ, वयस्कों के लिए नई दरें तय
-
बैंक खातों में अब चार नामांकित व्यक्ति जोड़े जा सकेंगे
-
नई दो-स्लैब GST दरें और SBI कार्ड पर अतिरिक्त चार्ज लागू
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1 नवंबर:नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश में कई ऐसे आर्थिक नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों के मासिक बजट पर पड़ेगा। इनमें LPG सिलेंडर की कीमत, आधार अपडेट शुल्क, बैंक नॉमिनेशन, GST दरें और कार्ड चार्ज जैसे बदलाव शामिल हैं।
LPG सिलेंडर सस्ता हुआ:
इंडियन ऑयल की ताज़ा दरों के अनुसार, 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 5 रुपये की कटौती की गई है। अब दिल्ली में इसका दाम 1,590.50 रुपये हो गया है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
आधार अपडेट के नए नियम:
UIDAI ने बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए लगने वाला ₹125 का शुल्क एक साल के लिए हटा दिया है। वहीं वयस्कों के लिए नाम, जन्मतिथि या पते जैसी जानकारी अपडेट करने पर ₹75 और बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ₹125 देने होंगे। अब ऑनलाइन अपडेट बिना दस्तावेज़ अपलोड किए भी संभव है।
बैंक नॉमिनेशन में लचीलापन:
अब बैंक ग्राहक एक खाते या लॉकर में अधिकतम चार लोगों को नामांकित कर सकेंगे। इससे आपात स्थिति में परिवार को फंड तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी और विवादों से बचा जा सकेगा।
नई GST दरें लागू:
सरकार ने टैक्स स्ट्रक्चर को आसान बनाने के लिए दो-स्लैब सिस्टम लागू किया है। अब 12% और 28% की पुरानी स्लैब हटाकर लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर 40% तक GST लगाया गया है।
NPS से UPS ट्रांजिशन की समय सीमा बढ़ी:
केंद्रीय कर्मचारियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) से यूनिफाइड पेंशन योजना (UPS) में स्विच करने के लिए अब 30 नवंबर तक का वक्त मिला है।
पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जरूरी:
रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों को नवंबर के अंत तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होगा, वरना पेंशन भुगतान में देरी हो सकती है। यह काम ऑनलाइन या बैंक शाखा में किया जा सकता है।
SBI कार्ड पर नया चार्ज:
1 नवंबर से SBI कार्ड धारकों को मोबिक्विक या क्रेड जैसे ऐप्स के ज़रिए एजुकेशन फीस भरने पर 1% शुल्क देना होगा। डिजिटल वॉलेट में ₹1,000 से अधिक की राशि डालने पर भी यही चार्ज लागू रहेगा।