दूसरे चरण में अब तक 60.40% वोटिंग, किशनगंज में सबसे ज्यादा
मांझी का दावा,हम जीतेंगे 80 सीटें, नवादा में सबसे कम मतदान, कई जगहों पर झड़पें और गड़बड़ियां
-
दोपहर 3 बजे तक 60.40% मतदान दर्ज
-
किशनगंज में 66.10% सबसे अधिक वोटिंग
-
तेजस्वी बोले, जनता का जोश देखकर मन गदगद
-
मांझी का दावा, दूसरे चरण में जीतेंगे 80 सीटें
समग्र समाचार सेवा
पटना | 11 नवंबर: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक कुल 60.40% वोटिंग दर्ज हुई है, जो पहले चरण से करीब 6% ज़्यादा है।
मुस्लिम बहुल किशनगंज ज़िले में सबसे ज़्यादा 66.10% मतदान हुआ, जबकि नवादा में सिर्फ 53.17% लोगों ने वोट डाले।
गया में मतदान के बाद HAM प्रमुख जीतनराम मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी दूसरे चरण की 122 सीटों में से 80 सीटें जीतने जा रही है।
वहीं तेजस्वी यादव ने दावा किया कि “लोग पूरे उत्साह से वोट डाल रहे हैं, जनता का जोश देखकर मेरा मन गदगद है।”
इस बीच कुछ जिलों से तनाव और गड़बड़ी की घटनाएं भी सामने आईं। अररिया में बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों में भिड़ंत हो गई, वहीं बेतिया में पैसे बांटते दो राजद समर्थक पकड़े गए।
नवादा के हिसुआ इलाके में बीजेपी प्रत्याशी अनिल सिंह को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया, आरोप लगाया कि “आपने अब तक कोई काम नहीं किया।”
इस चरण में 12 मंत्रियों समेत कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं।

दूसरे फेज में इन जिलों में वोटिंग:

चुनाव से जुड़ी 13 बड़ी घटनाएं:
1. अरवल में मतदान के दौरान पीठासीन अधिकारी अरविंद कुमार की हार्ट अटैक से मौत।
2. शिवहर और बेलसंड में बूथ गड़बड़ी के आरोप में 13 लोग हिरासत में।
3. बेतिया में पैसे बांटते दो RJD समर्थक ग्रामीणों ने पकड़े, पुलिस के हवाले किया।
4. अररिया में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प, धमकी के आरोप।
5. नवादा में बीजेपी प्रत्याशी को ग्रामीणों ने खदेड़ा।
6. बांका में पंचायत भवन की मांग को लेकर वोट बहिष्कार, कटोरिया बूथ पर वोटिंग में देरी।
7. जहानाबाद में दो गुटों की झड़प में 4 लोग घायल।
8. रोहतास में जेडीयू प्रत्याशी झंडा लगी गाड़ी से प्रचार करते दिखे।
9. मोतिहारी में फर्जी वोट डालने की कोशिश में दो युवक पकड़े गए।
10. मोतिहारी में पोलिंग एजेंट को मतदान में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
11. जमुई के चकाई बूथ पर EVM खराबी से 5 घंटे मतदान रुका।
12. झुण्डो (जमुई) में दो गुटों में पथराव।
13. बगहा में 19 बूथों पर सिर्फ 1 वोट पड़ा, 15,000 से ज्यादा लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया।