भारी मन से आया हूं; दिल्ली धमाके पर भूटान में बोले पीएम मोदी
लाल किले के पास हुए कार धमाके पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया गहरा दुख, बोले—“दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा”
-
पीएम मोदी बोले, पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं, पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
-
प्रधानमंत्री ने कहा, मैं रातभर एजेंसियों के संपर्क में था, साजिश की तह तक जाएंगे।
-
भूटान नरेश के नेतृत्व में थिंपू में हुई प्रार्थना सभा, हजारों लोगों ने जताई संवेदना।
-
अमेरिका, इजरायल और कनाडा समेत कई देशों ने धमाके की निंदा की और सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई।
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली/थिंपू, 11 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि “आज मैं बहुत भारी मन से भूटान आया हूं।” भूटान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “कल शाम दिल्ली में जो भयानक घटना हुई, उससे सभी बहुत दुखी हैं। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “मैं कल रातभर इस घटना की जांच कर रही सभी एजेंसियों के संपर्क में था। हमारी एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी। इसके पीछे जो भी साजिश करने वाले हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार हैं, उन सभी को सज़ा मिलेगी।”
इस दौरान भूटान के राजा के नेतृत्व में राजधानी थिंपू के चांगलिमेथांग स्टेडियम में एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इस सभा में हजारों लोगों ने दिल्ली धमाके में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। भूटान नरेश ने कहा, “हम इस कठिन समय में भारत के साथ खड़े हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”
अमेरिका, इजरायल और कनाडा समेत कई देशों ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई है।