कानपुर : कारोबारी के बेटे की लैम्बॉर्गिनी ने मचाया तांडव, 6 लोग घायल

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • तेज रफ्तार लैम्बॉर्गिनी ने राहगीरों और दोपहिया वाहनों को कुचला
  • हादसे में कम से कम 6 लोग घायल, एक की हालत गंभीर
  • आरोपी पर रसूख के चलते नरमी के आरोप
  • पुलिस ने कार जब्त की, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

समग्र समाचार सेवा

कानपुर, 9 फरवरी:उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में रविवार दोपहर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक तेज रफ्तार लग्जरी कार लैम्बॉर्गिनी ने राहगीरों और दोपहिया वाहनों को कुचल दिया। इस हादसे में कम से कम छह लोग घायल हो गए। घटना शहर के पॉश इलाके ग्वालटोली के वीआईपी रोड पर रेव-3 मॉल के पास करीब 3:15 बजे हुई।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार चला रहा युवक शिवम मिश्रा बताया जा रहा है, जो इलाके के बड़े तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों व वाहनों को टक्कर मारती चली गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़ी रॉयल एनफील्ड बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार हवा में करीब दस फीट तक उछल गया। इसके बाद कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुकी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग चीख-पुकार करने लगे।

घायलों में यमुनागंज निवासी तौफीक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक उनके पैर में गहरी चोटें आई हैं। अन्य घायलों को फ्रैक्चर और गंभीर चोटें लगी हैं। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद स्थानीय लोग गुस्से में आ गए और कार को घेर लिया। आरोप है कि आरोपी के साथ मौजूद निजी बाउंसरों ने भीड़ को हटाने की कोशिश की और अभद्र व्यवहार किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। क्षतिग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।

थाने पर भी माहौल गर्म रहा। पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी के रसूख के चलते पुलिस नरमी बरत रही है और मामला दर्ज करने में देरी की जा रही है। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.