समग्र समाचार सेवा
मुंबई,महाराष्ट्र 25 फरवरी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निजी अस्पतालों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का कड़ा संदेश दिया है। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। राष्ट्रपति ने निजी चिकित्सा संस्थानों से अपील की कि वे लाभ कमाने के साथ-साथ उन लोगों का भी ख्याल रखें जो महंगे इलाज का खर्च वहन नहीं कर सकते। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि कई बार गरीब परिवारों के लिए निजी अस्पतालों में इलाज कराना संभव नहीं होता। मुर्मू ने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में नैतिकता और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि देश का हर नागरिक बेहतर उपचार पा सके।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग अ हेल्दीयर भारत’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी के लिए सस्ती और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारा सामूहिक लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने इस अभियान की सराहना की और कहा कि भारत को एक स्वस्थ राष्ट्र बनाने के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्र को मिलकर काम करना होगा। राष्ट्रपति ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल (Preventive Healthcare) पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में बीमारियों के बोझ को कम किया जा सके।