सुवेंदु अधिकारी ,पीए हत्याकांड : बिहार-यूपी से तीन आरोपी गिरफ्तार

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • UPI पेमेंट रिकॉर्ड जांच में बड़ा सुराग बना।
  • SIT राजनीतिक एंगल और आपराधिक साजिश दोनों की जांच कर रही है।
  • 6 मई को मध्यमग्राम में बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या की थी।

समग्र समाचार सेवा
पश्चिम बंगाल कोलकाता 11 मई :कोलकाता के उत्तर 24 परगना जिले में हुए चर्चित हत्याकांड में पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल मुख्य मंत्री  के पूर्व  निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस ने बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने सोमवार को इन गिरफ्तारियों की पुष्टि की।

बिहार और यूपी से हुई गिरफ्तारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह के रूप में हुई है। मयंक और विक्की को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया गया, जबकि राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से पकड़ा गया। बाद में पश्चिम बंगाल सीआईडी और मध्यमग्राम पुलिस की टीम ने तीनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यही तीनों आरोपी चंद्रनाथ रथ की हत्या को अंजाम देने में शामिल थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क, साजिश और संभावित राजनीतिक कनेक्शन की जांच कर रही है।

UPI ट्रांजैक्शन से मिला बड़ा सुराग

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग तब मिला जब हत्या के कुछ समय बाद एक आरोपी द्वारा टोल प्लाजा पर किए गए UPI भुगतान का रिकॉर्ड सामने आया। इसी डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

SIT का कहना है कि आरोपियों ने पहले चंद्रनाथ रथ की गतिविधियों की रेकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से हत्या को अंजाम दिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गोली किसने चलाई, किसने निगरानी की और फरारी के दौरान आरोपियों को किसने शरण दी।

राजनीतिक साजिश या निजी दुश्मनी?

जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हत्या के पीछे राजनीतिक कारण थे या कोई निजी रंजिश। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों की भूमिकाओं को लेकर विस्तृत बयान जारी कर सकती है।

घटना 6 मई की रात मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में हुई थी। बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार को रोककर बेहद करीब से गोली मारी और मौके से फरार हो गए। उस समय रथ कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे। हमले में उनका ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.