मुंबई में फर्जी डॉक्टरों का भंडाफोड़, 5 पर कार्रवाई, 12वीं पास चला रहा था क्लीनिक

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा 

मुंबई, 17 अगस्त :मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गोवंडी, देवनार और बांद्रा इलाकों में छापेमारी कर 5 फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इन डॉक्टरों पर बिना वैध लाइसेंस और मेडिकल डिग्री के मरीजों का इलाज करने का आरोप है। पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिनमें से एक आरोपी सिर्फ सातवीं और दूसरा सिर्फ बारहवीं पास निकला।

क्राइम ब्रांच यूनिट 6 और 8 ने BMC के चिकित्सा अधिकारियों के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। जांच में पता चला कि कुछ के पास सिर्फ होम्योपैथी की डिग्री थी, लेकिन वे एलोपैथिक इलाज कर रहे थे, जबकि कुछ के पास कोई डिग्री ही नहीं थी। पुलिस ने 5 क्लीनिकों पर छापेमारी की, जिनमें 4 गोवंडी-देवनार और 1 बांद्रा पूर्व के नौपाड़ा इलाके में स्थित थे।

पुलिस ने छापे के दौरान 1,19,324 रुपये की एलोपैथिक दवाइयां, इंजेक्शन, सिरिंज, बीपी मॉनिटर, स्टेथोस्कोप, शुगर जांच मशीन, नेब्युलाइजर आदि जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में सगीर अहमद, केशव पटेल और मोहम्मद आफताब शौकत खान शामिल हैं। कुछ आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ा गया, जिन्होंने कैमरे पर अपनी गलती मानी।

बांद्रा पूर्व के मामले में आरोपी सिर्फ बारहवीं पास था और फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे क्लीनिक चला रहा था। पुलिस ने उसके कागजों की जांच शुरू कर दी है और सभी प्रमाणपत्रों के फर्जी होने का संदेह जताया है।

मुंबई पुलिस ने जनता से अपील की है कि इलाज के लिए जाने से पहले डॉक्टर और क्लीनिक की वैधता जरूर जांचें और संदिग्ध मामलों की सूचना पुलिस को दें।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.