समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29 अगस्त :दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला ब्लास्ट मामले में स्पेशल NIA कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की चार्जशीट पर संज्ञान लिया है। NIA ने 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें आतंकी उमर उन नबी (मृतक), आमिर राशिद अली, जासिर बिलाल वानी, मुजम्मिल, आदिल अहमद राथर, मुफ्ती इरफान अहमद, शाहीन, सोयाब, बिलाल और यासिर अहमद डार समेत नाम शामिल हैं।
चार्जशीट में 588 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। साथ ही 395 से ज्यादा दस्तावेज और 200 से अधिक जब्त सामान/साक्ष्य भी चार्जशीट का हिस्सा बनाए गए हैं। NIA की जांच जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, यूपी, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली-एनसीआर तक फैली रही। मामले की अगली सुनवाई 9 सितंबर को होगी।
NIA के अनुसार, सभी आरोपी आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (अलकायदा की शाखा) से जुड़े थे। आरोपियों ने ‘ऑपरेशन हेवनली हिंद’ नाम से कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने और लोकतांत्रिक सरकार के खिलाफ साजिश रचने का अभियान चलाया था।
दिल्ली के लाल किले के बाहर 10 नवंबर, 2025 को कार में बम ब्लास्ट हुआ था, जिसमें 15 लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। NIA की चार्जशीट में शामिल अधिकांश आरोपी डॉक्टर या प्रोफेशनल हैं, जो आतंकी नेटवर्क से प्रभावित हो इस साजिश में शामिल हुए।
कोर्ट ने जेल में बंद आरोपी तुफैल अहमद भट की टेलीफोन सुविधा को लेकर जेल अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। NIA ने कोर्ट को बताया कि जांच अभी जारी है।