समग्र समाचार सेवा
जालंधर, 5 सितंबर :अमेरिका की जांच एजेंसी FBI के मोस्ट वांटेड फर्जीवाड़ा सूची में शामिल मंजीत सिंह बेदी को पंजाब पुलिस ने जालंधर के परागपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। 65 वर्षीय बेदी पर आरोप है कि उसने अमेरिका के फूड असिस्टेंस प्रोग्राम—SNAP—से करीब 6 लाख डॉलर (लगभग 5 करोड़ रुपये) की धोखाधड़ी की।
FBI और पंजाब पुलिस के मुताबिक, बेदी अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के टाकोमा शहर में Asian Grocery Store चलाता था, जिसे सरकारी फूड बेनिफिट (EBT कार्ड) प्रोसेसिंग की अनुमति थी। आरोप है कि उसने लाभार्थियों के कार्ड से फूड प्रोडक्ट की जगह नकद पैसे निकाले और कुल रकम का आधा हिस्सा खुद रख लिया। यह फर्जीवाड़ा मार्च 2024 से जून 2025 तक चला, जिससे अमेरिकी सरकार को कम से कम 6 लाख डॉलर का नुकसान हुआ।
FBI ने बेदी की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि की सूचना देने पर 1.5 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा भी की थी। बताया जाता है कि धोखाधड़ी के बाद बेदी अमेरिका से कनाडा के रास्ते भारत भाग आया था। पुलिस ने उसे शुक्रवार को जालंधर से गिरफ्तार किया।
SNAP (Supplemental Nutrition Assistance Program) अमेरिका का प्रमुख फूड असिस्टेंस प्रोग्राम है, जिसमें ईबीटी कार्ड का उपयोग किया जाता है। बेदी ने ग्राहकों को नकद पैसे देकर सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग किया।
अधिकारियों ने बताया कि बेदी को अमेरिका भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ अमेरिकी और भारतीय एजेंसियों के बीच सहयोग का एक बड़ा उदाहरण सामने आया है। मामला अमेरिकी और भारतीय सिस्टम की सतर्कता व आपसी तालमेल का भी प्रमाण है।