समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली/गढ़चिरौली, 15 नवंबर : आज पूरे देश में महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिर्सा मुंडा की जयंती पर जन जातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से लगभग ₹3,000 करोड़ लागत की 246 जनजातीय परियोजनाओं का डिजिटल मंच के माध्यम से शुभारंभ किया।
इन योजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, पेयजल, आजीविका और रोजगार से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य देश के जनजातीय क्षेत्रों में समावेशी विकास को और गति देना है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “आदिवासी समाज का योगदान भारत की शक्ति है। सरकार उनके अधिकारों व पहचान की रक्षा के लिए कटिबद्ध है।”
इन परियोजनाओं से गढ़चिरौली सहित देश के विभिन्न जनजातीय जिलों के हज़ारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी आदिवासी समाज को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। सामाजिक संगठनों, स्थानीय प्रशासन और जनजातीय समुदायों ने इस पहल का स्वागत किया है।
यह दिन बिर्सा मुंडा जैसे नायकों की प्रेरणा के साथ, आदिवासी समाज को सम्मान और मुख्यधारा में लाने के सरकारी प्रयासों की नई मिसाल बनकर सामने आया है।