कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर FIR की मांग, फरीदाबाद में ज्ञापन

महिलाओं, सिंदूर और बिहारी संस्कृति पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने पुलिस आयुक्त के नाम डीसीपी को सौंपा ज्ञापन।

  • कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर FIR दर्ज करने के लिए ज्ञापन।
  • महिलाओं, सिंदूर और बिहारी संस्कृति पर टिप्पणी का विरोध।
  • पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

समग्र समाचार सेवा
फरीदाबाद, 29 नवंबर: सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित एक आपत्तिजनक स्टैंडअप कॉमेडी वीडियो में महिलाओं की गरिमा, भारतीय परंपरा के पवित्र प्रतीक ‘सिंदूर’ और विशेष रूप से बिहार की सांस्कृतिक पहचान पर की गई अशोभनीय व अभद्र टिप्पणियों का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस संवेदनशील और गंभीर विषय का संज्ञान लेते हुए हरियाणा के एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त के नाम एक विस्तृत ज्ञापन पुलिस उपायुक्त एनआईटी (DCP NIT) को सौंपा और आरोपी कॉमेडियन तथा वीडियो प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया कि जयपुर (राजस्थान) निवासी स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंच से महिलाओं के सम्मान, सिंदूर की परंपरा और बिहारी समाज व संस्कृति को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक व अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में इस तरह की अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां न केवल मातृशक्ति और सांस्कृतिक प्रतीकों का घोर अपमान हैं, बल्कि इनसे समाज में विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों के बीच वैमनस्य, आक्रोश और असंतोष का माहौल उत्पन्न हो रहा है।

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने डीसीपी एनआईटी से मांग की है कि मामले की संवेदनशीलता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत आरोपी यश माहेश्वरी और इस सामग्री को सोशल मीडिया पर वायरल करने में शामिल संबंधित चैनलों अथवा हैंडल्स के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने बल देकर कहा कि ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति हास्य या कॉमेडी के नाम पर महिलाओं की मर्यादा, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और क्षेत्रीय सम्मान को ठेस पहुँचाने का दुस्साहस न कर सके।

इस ज्ञापन सौंपने के दौरान फरीदाबाद के विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी पूर्व विधायक के साथ उपस्थित रहे। इनमें पूर्व पार्षद दया शंकर गिरी, डॉ० के०जे० सिंह, मास्टर संजीव कुशवाहा, प्रभु झा, रघुवर दयाल और बब्लू सहित कई स्थानीय गणमान्य नागरिक शामिल थे। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि हास्य और कला के मंच का उपयोग किसी वर्ग, क्षेत्र या महिला शक्ति के अनादर के लिए नहीं किया जा सकता और प्रशासन को इस मामले में त्वरित व सख्त कदम उठाने चाहिए।

हाल के दिनों में स्टैंडअप कॉमेडी और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर लगातार उठ रहे विवादों के बीच फरीदाबाद का यह घटनाक्रम तेजी से चर्चा में आ गया है। इस शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से की जाने वाली शुरुआती जांच और विधिक कार्रवाई पर स्थानीय नागरिकों व विभिन्न सामाजिक संगठनों की नजरें बनी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.