जी-20 सम्मेलन से पहले सऊदी ने सुलझाया भारत के गलत नक्शे वाला विवाद
Saudi resolves India's wrong map dispute before G20 conference
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,20नवंबर।
सऊदी अरब ने भारत के गलत नक्शे वाले विवाद को सुलझा लिया है। जी-20 सम्मेलन से पहले सऊदी अरब ने रियाद के नोट पर छपे भारत के गलत मैप को वापस ले लिया है। बता दें कि 20 रियाल बैंक नोट पर भारत का गलत मैप छापा गया था, जिसमें अविभाजित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग दिखाया गया था। भारत ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद नोट को वापस ले लिया गया है।
बता दें कि सऊदी अरब ने यह बैंकनोट जी-20 समिट के लिए जारी किया गया था, जिसे समिट से पहले ही वापस ले लिया गया। गौरतलब है कि इस बार जी-20 समिट की अध्यक्षता सऊदी अरब कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सऊदी अरब ने 20 रियाल का नया नोट जारी किया था। इसमें एक तरफ किंग सलमान और जी-20 सऊदी समिट का लोगों था। वहीं, दूसरी तरफ जी-20 देशों का वैश्विक नक्शा था। इस नक्शे में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान समेत पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग दिखाया गया था। इसके बाद सऊदी अरब में भारतीय राजदूत औसाफ सईद ने 28 अक्टूबर को यह मुद्दा रियाद के सामने उठाया था।
सऊदी अरब के इस फैसले के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस मसले को लेकर सऊदी अरब के अधिकारियों से बातचीत की गई थी। रियाद के साथ-साथ नई दिल्ली में भी सऊदी के अधिकारियों से इस पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया है कि गलत नक्शे वाले बैंकनोट को वापस ले लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब के अधिकारियों का दावा है कि 20 रियाल के इस बैंक नोट को जी-20 समिट की स्मारिका के तौर पर निकाला गया था। यह मुद्रा चलन के लिए नहीं थी। ऐसे में उसे वापस ले लिया गया है।
गौरतलब है कि 15वें जी-20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत 21 नवंबर को होगी। यह कार्यक्रम 22 नवंबर तक चलेगा। 15वें जी-20 समिट की अध्यक्षता सऊदी अरब के किंग करेंगे। इस शिखर सम्मेलन की थीम ‘सभी के लिए 21वीं सदी के अवसरों का एहसास’ रखी गई है। बता दें कि कोरोना संक्रमण के चलते इस बार जी-20 सम्मेलन वर्चुअल तरीके से आयोजित किया जा रहा है।