समग्र समाचार सेवा
चेन्नई, 3 दिसंबर
अभिनेता रजनीकांत ने गुरुवार को कहा कि वह जनवरी में अपनी राजनीतिक पार्टी लाएंगे और इस संबंध में 31 दिसंबर, 2020 को एक घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही रजनीकांत ने तमिलनाडु की राजनीति में अपनी वापसी को लेकर लग रहीं तमाम अटकलों को भी खत्म कर दिया है।
दिग्गज अभिनेता ने एक ट्वीट में इसकी घोषणा करते हुए कहा, आगामी विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु में लोगों के बड़े पैमाने पर मिले समर्थन से एक ईमानदार, पारदर्शी, भ्रष्टाचार-रहित, धर्मनिरपेक्ष और आध्यात्मिक राजनीति होगी। चमत्कार होगा।
हालांकि बीते महीने उन्होंने संकेत दिया था कि राजनीति में आने के लिए उन्हें और इंतजार करना पड़ सकता है। इससे पहले अक्टूबर को सोशल मीडिया पर उन्होंने कहा था कि स्वास्थ्य को लेकर वो राजनिति में सक्रिय रुप से जुड़ने से थोड़ा कतरा रहे है। लेकिन अब इस कवायद पर विराम लग गया है और यह तय माना जा रहा है कि वो जनवरी में पॉलिटिकल पार्टी लॉन्च करेंगे।
बता दें कि तमिलनाडु में अप्रैल-मई 2021 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और रजनीकांत इस चुनाव में अपनी पार्टी के माध्यम से चुनाव लड़ सकते हैं। रजनीकांत ने यह घोषणा रजनी मक्कल मंद्रम के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात के एक दिन बाद कही। उन्होंने यह भी कहा है कि वो चुनावी राजनीति के लिए अपनी योजनाओं पर जल्द ही फैसला लेंगे।