समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 5जनवरी।
नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब इसमें छह सदस्यों को बाहर करने की तैयारी चल रही। नई कार्यकारिणी के लिए छह नए सदस्यों का चुनाव गुरुवार को नगर निगम बोर्ड हॉल में होगा। महापौर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि बाहर कौन से सदस्य होंगे, इसका निर्णय लॉटरी के जरिये निकाला जाएगा।
महापौर गामा के नेतृत्व में नगर निगम का नया बोर्ड गठित होने के बाद पिछले वर्ष नौ जनवरी को नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों का चुनाव हुआ था। कार्यकारिणी के अध्यक्ष महापौर खुद हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने अपने नौ उम्मीदवार निर्विरोध उतारे थे और तीन सीटें कांग्रेस को दी थीं।
बता दें कि कांग्रेस के उम्मीदवारों में सदन में ही काफी मारपीट हो गई थी और जमकर हंगामा भी हो गया था जिसके वजह से कांग्रेस को अंतिम वक्त में एक उम्मीदवार को बदलना पड़ा था। महापौर ने कहा कि कोई विवाद न हो, इसलिए बाहर होने वाले छह सदस्यों के लिए लॉटरी प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद छह नए सदस्यों का चुनाव बोर्ड के जरिये होगा।