समग्र समाचार सेवा
जयपुर, 7जनवरी।
राजस्थान में झालावाड़ जिले के उन्हेला पुलिस थाना इलाके के देवरिया में स्थित कंजर समाज के डेरों पर मध्य प्रदेश के सीमावर्ती कलरिया गांव से आए करीब 100 लोगों ने हमला कर दिया। हथियारों से लैस इन लोगों ने यहां महिलाओं व बच्चों सहित कुल 48 लोगों का अपहरण कर लिया। बुधवार को हुई घटना की सूचना मिलने पर झालावाड़ जिले के तीन पुलिस थानों की टीम ने कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार सुबह तक उत्पात मचाने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, शेष की तलाश जारी है। पुलिस ने महिलाओं व बच्चों को उनसे मुक्त करा लिया। झालावाड़ के जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण सिद्ध ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, तलवार और लाठियां मिली हैं।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के कलरिया गांव के करीब 100 लोगों ने बुधवार शाम को चोरी के मामले को लेकर झालावाड़ के कलरिया गांव में स्थित कंजर समाज के डेरों पर हमला कर दिया। ये लोग एक बस व दो जीपों में भरकर आए थे। हथियारों के साथ आए लोगों को देखकर कंजर समाज के पुरुष मौके से फरार हो गए तो वे महिलाओं व बच्चों को बस व जीपों में बिठाकर अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर झालावाड़ जिले के उन्हैल पुलिस मौके पर पहुंची और उनका पीछा किया। पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली तो उन्होंने दो अन्य पुलिस थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा। पुलिस का दबाव बढ़ने पर वे लोग 38 महिलाओं व बच्चों को मध्य प्रदेश के आलोट इलाके में छोड़कर फरार हो गए। इस पर मौके पर पहुंची झालावाड़ पुलिस उन सभी को अपने साथ लेकर वापस लौटी है। पुलिस ने अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी कट्टा, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक धारदार तलवार, दो लोहे की प्लेट, लोहे की चेन व लाठियां बरामद की हैं।