प्रदेश के सभी स्कूल और कॉलेजों में अब हर वर्ष मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा का महापर्व- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व कुल गुरुओं एवं शिक्षक गणों का किया सम्मान

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु श्री मिथिला प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि गुरुओं का जीवन में अक्षुण्ण महत्व है। गुरु अंतस के अंधकार को भी मिटाता है। गुरु अपना सब कुछ शिष्य को दे देता है। गुरु शिष्य में प्रतिबिंबित होते हैं। गुरु ज्ञान के साथ ही संस्कार एवं जीवन मूल्य भी सिखाते हैं। गुरुओं के महत्व को बताने के लिये राज्य शासन द्वारा हर वर्ष गुरु पूर्णिमा का महापर्व मनाये जाने का निर्णय सराहनीय है।
भारतीय परंपरा में गुरु शिष्य संबंधों की महत्ता पर अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री के.सी. गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के प्रारंभ में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. रेणु जैन ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों के पूर्व कुलगुरूओं एवं शिक्षक गणों का सम्मान भी किया गया। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय गणित पर लिखित पुस्तकों का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने मोढ़ी लिपि को देवनागरी लिपि में परिवर्तित करने का सॉफ्टवेयर तैयार करने वाली बालिका अंशिका जैन का भी सम्मान किया।
