समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,13 दिसंबर।
दिल्ली-एनसीआर और उसके आस-पास के इलाकों में अगले सप्ताह से ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इस दौरान इन राज्यों में शीतलहर और घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने जानकारी दी कि 13 दिसंबर को राजस्थान, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में शीतलहर की संभावना है। वहीं, 14 दिसंबर से दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में सर्दी बढ़ेगी।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, असम, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटों में घना कोहरा देखा जा सकता है। बिहार, पूर्वी यूपी और कुछ अन्य राज्यों में सुबह के दौरान हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम भी सर्द रहेगा। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गुरुवार को दिल्लीवासियों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा, जब तापमान गिरकर 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह थी। दिल्ली-एनसीआर में हल्की हवाएं चलने की संभावना है, जो 8 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।
कर्नाटक में भी बारिश की चेतावनी है। आईएमडी के अनुसार, पूरे दक्षिणी कर्नाटक में मध्यम वर्षा की संभावना है। चित्रदुर्ग, कोलार, रामनगर, मैसूरु, तुमकुरु और चामराजनगर जैसे जिलों में बारिश हो सकती है। 14 दिसंबर तक दक्षिण कन्नड़ और उडुपी में भारी बारिश की आशंका है। बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण और आसपास के जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देश के अन्य हिस्सों में मौसम का पूर्वानुमान बताता है कि पूर्वी भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है, जबकि पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। उत्तर भारत में अगले चार से पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है। शीतलहर की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे चला जाता है या यह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे चला जाता है।