वेब सीरीज ट्रिपल एक्स सीजन 2 को लेकर मुश्किल में पड़ी फिल्म निर्माता एकता कपूर, कोर्ट ने जारी किया समन

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
मुंबई,2 फरवरी।

एकता कपूर अपनी वेब सीरीज ट्रिपल एक्स सीजन 2 को लेकर एक बार फिर से बड़ी मुश्किल में घिर गईं हैं। जी दरअसल बिहार के बेगूसराय कोर्ट ने वेब सीरीज की निर्माता एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर को आने वाले 8 फरवरी को कोर्ट में हाजिर होने के लिए समन जारी कर दिया है। फिल्म निर्माता पर भारतीय सेना के जवानों और उनकी पत्नी पर आपत्तिजनक सीरीज बनाने का आरोप है।

बेगूसराय की अदालत के न्यायधीश राजीव कुमार ने बरौनी थाना के सिमरिया आदर्श ग्राम निवासी भूतपूर्व सैनिक परिवादी शंभु कुमार की ओर से दाखिल परिवाद पत्र संख्या 524 (सी)/ 2020 पर सुनवाई करते हुए ट्रिपल एक्स सीजन 2 की प्रोड्यूसर एकता कपूर और शोभा कपूर पर गंभीर धाराओं में संज्ञान लेते हुए न्यायालय में उपस्थित होने का आदेश जारी किया है।

शंभू कुमार ने आरोप लगाया है कि, ‘एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर द्वारा निर्मित वेब सीरीज ट्रिपल एक्स सीजन 2 में भारतीय जवान और उनकी पत्नी के चरित्र को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया जो कि अपमानजनक और शर्मनाक है।’

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एकता कपूर की ट्रिपल एक्स सीरीज रिलीज होने के साथ ही विवादों में आ गई थी। इस सीरीज को लेकर कई लोगों ने अपना अपना गुस्सा जाहिर किया था। वहीं एकता कपूर और शोभा कपूर के खिलाफ शिकायत और एफआईआर भी दायर करवाईं गईं थीं। हालांकि एकता कपूर ने अपनी इस वेब सीरीज के आपत्तिजनक दृश्यों के लिए भारतीय सेना से माफी तक मांग ली थी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.