राजा चार्ल्स ने की टीम इंडिया से मुलाकात- आकाश दीप की बहन की तबीयत

समग्र समाचार सेवा
इंग्लैंड,16 जुलाई – दौरे पर गई भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने ब्रिटेन के सम्राट राजा चार्ल्स तृतीय से खास मुलाकात की। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजा चार्ल्स ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके परिवारों के बारे में भी जानकारी दिखाई।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि राजा चार्ल्स ने टीम के हर खिलाड़ी के बारे में पहले से जानकारी जुटाई थी। उन्होंने तेज गेंदबाज आकाश दीप से मुलाकात के दौरान उनकी बहन की बीमारी के बारे में संवेदनाएं प्रकट कीं।

आकाश दीप ने हाल ही में दूसरे टेस्ट मैच के बाद खुलासा किया था कि उनकी बहन अखंड ज्योति सिंह कैंसर से जूझ रही हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने एडबैस्टन टेस्ट में अपनी शानदार गेंदबाजी और जीत को अपनी बहन को समर्पित किया था।

राजीव शुक्ला ने ANI से कहा, “यह बहुत ऐतिहासिक अवसर था जब हमारी पुरुष और महिला दोनों टीमों को राजा चार्ल्स के दरबार में बुलाया गया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से हर खिलाड़ी से बातें कीं, और जब उन्होंने आकाश दीप से उनकी बहन की तबीयत के बारे में पूछा, तो यह हम सबको भावुक कर गया।”

राजा चार्ल्स ने मोहम्मद सिराज को भी ढांढस बंधाया, जो लॉर्ड्स टेस्ट में आखिरी विकेट के रूप में आउट होकर बेहद भावुक हो गए थे। चार्ल्स ने कहा कि सिराज का आउट होना दुर्भाग्यपूर्ण रहा और अगर उस समय एक नियमित बल्लेबाज होता तो भारत मैच जीत सकता था।

शुक्ला ने आगे कहा, “हमारी युवा टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। लीड्स में भी हम जीते और लॉर्ड्स में बेहद करीब रहे। अब भी दो टेस्ट मैच बचे हैं और हमें विश्वास है कि हम यह सीरीज जीतेंगे।”

इस बीच, आकाश दीप की बहन अखंड ज्योति ने कहा, “मैंने उसे कहा था कि मेरी चिंता मत कर, देश के लिए अच्छा प्रदर्शन कर। जब वह विकेट लेता है, तो हम इतने जोर से तालियां  बजाते हैं कि पड़ोसी भी पूछने लगते हैं क्या हुआ!”

उन्होंने बताया कि उनका कैंसर तीसरे चरण में है और उन्हें छह महीने और इलाज की जरूरत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.