मोदी की पसंद: नितिन नवीन और बीजेपी का बड़ा संदेश

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
पूनम शर्मा
अचानक नहीं, सोची-समझी चाल: मोदी का फैसला क्यों चौंकाता है

भारतीय जनता पार्टी जैसी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन कोई सामान्य संगठनात्मक फैसला नहीं होता। यह फैसला केवल एक व्यक्ति की नियुक्ति नहीं, बल्कि पार्टी की दिशा, अनुशासन और भविष्य के नेतृत्व का संकेत होता है। ऐसे समय में जब अटकलों का बाजार गर्म था, मीडिया में एक दर्जन से अधिक दिग्गज नेताओं के नाम उछाले जा रहे थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपेक्षाओं के उलट 45 वर्षीय नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में आगे बढ़ाया। यही फैसला आज राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है। और इस बात की पुष्टि हो गई कि  नेतृत्व अब हमेशा युवाओं को ही प्राप्त होगा और साथ ही में यह भी एक संदेश है कि यह परंपरा लंबे समय तक चलने वाली भी है ।

नितिन नवीन का नाम आते ही पहला सवाल यही उठा—आख़िर क्यों?

संगठन बनाम दावेदारी: बीजेपी के भीतर खिंची लकीर वह चेहरा जो राष्ट्रीय राजनीति में अब तक बड़े मंच पर नहीं दिखा, जिसे लेकर यह कहा गया कि उनकी कोई ‘बड़ी पहचान’ नहीं है, वही अचानक दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष कैसे बन गया? असल में इसी सवाल के भीतर इस फैसले का जवाब छिपा है। यह मोदी की उस राजनीतिक समझ का हिस्सा है, जो व्यक्ति से ज्यादा संस्था और पद की गरिमा को प्राथमिकता देती है।

बीजेपी के भीतर वर्षों से काम कर रहे कई वरिष्ठ नेता यह मानकर बैठे थे कि अब उनकी बारी है। कुछ ने खुद को स्वाभाविक दावेदार मान लिया था। लेकिन मोदी ने एक स्पष्ट लकीर खींच दी—यह पार्टी ‘प्रतीक्षा सूची’ से नहीं चलती, बल्कि अनुशासन और संगठन से चलती है। नितिन नवीन का चयन इसी संदेश का विस्तार है। यह बताने के लिए कि पार्टी में पद किसी का हक नहीं, जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री मोदी पहले भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वह लोकतांत्रिक परंपराओं में विश्वास करते हैं और पार्टी में ‘बॉस’ का मतलब संस्था होता है, व्यक्ति नहीं। एक पुरानी प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र आज फिर प्रासंगिक हो गया, जब पत्रकारों के सवाल पर मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा था—“मेरे बॉस सामने बैठे हैं, मैं उनके सामने नहीं बोल सकता।” वह बॉस तब भी पार्टी अध्यक्ष थे। संदेश साफ था—प्रधानमंत्री भी पार्टी अनुशासन के दायरे में है।

नितिन नवीन की ताजपोशी के साथ यही परंपरा फिर दोहराई गई। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री अमित शाह, संगठन के वरिष्ठ नेता—सब एक साथ मौजूद थे, लेकिन केंद्र में था पार्टी अध्यक्ष का पद। यह दृश्य अपने आप में बड़ा राजनीतिक बयान था। यह भी कि नितिन नवीन अपने परिवार—पत्नी और बच्चों—के साथ कार्यालय पहुँचे । यह बीजेपी की उस संस्कृति को दर्शाता है, जहाँ  व्यक्ति का नहीं, संगठन का उत्सव मनाया जाता है।

 भविष्य का संकेत और कार्यकर्ता का संदेश

इस फैसले का एक और महत्वपूर्ण पहलू है—भविष्य की राजनीति। माना जा रहा है कि नितिन नवीन की सबसे बड़ी परीक्षा पश्चिम बंगाल में होगी। बंगाल चुनाव से पहले उन्हें आगे कर पार्टी ने संकेत दिया है कि बीजेपी अब ‘फाइटर मोड’ में जाएगी। यह भी स्पष्ट है कि मोदी किसी ऐसे चेहरे को आगे लाना चाहते थे जो भविष्य में नेतृत्व के विकल्प के रूप में उभरे, लेकिन अभी से सत्ता के केंद्र में रहकर संगठन को साधे।

बीजेपी के भीतर यह संदेश भी गया है कि ‘इग्नोर’ करना सबसे बड़ी गलती हो सकती है। आज जो अध्यक्ष है, कल वही पार्टी की दिशा तय करता है। पद स्थायी नहीं होता, लेकिन पद की गरिमा स्थायी असर छोड़ती है। यही कारण है कि जिन नेताओं को लग रहा था कि अब उनकी बारी आएगी, उनके चेहरे आज देखने लायक नहीं थे।

नितिन नवीन का चयन परिवारवाद के खिलाफ बीजेपी की पुरानी लाइन को भी मजबूत करता है। यह कोई वंशानुगत नियुक्ति नहीं है, न ही किसी बड़े राजनीतिक घराने का दबाव। संदेश साफ है—जो जमीन से संघर्ष करके आएगा, वही आगे बढ़ेगा। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना या अन्य क्षेत्रीय दलों के उदाहरणों के उलट, बीजेपी फिर यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि यहां साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष तक पहुंच सकता है।

आखिर में, यह फैसला केवल नितिन नवीन के बारे में नहीं है। यह मोदी की राजनीतिक शैली का प्रतिबिंब है—कम बोलना, बड़ा संदेश देना। पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक यह साफ कर दिया गया है कि बीजेपी में अनुशासन सर्वोपरि है, और नेतृत्व का चयन रणनीति के तहत होता है, भावनाओं के आधार पर नहीं।

नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर मोदी ने एक बार फिर यह जता दिया है कि पार्टी व्यक्ति से बड़ी है, और जो इस सच्चाई को स्वीकार करेगा, वही बीजेपी की राजनीति में आगे बढ़ेगा।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.